



एमसीबी : वन संपदा की अवैध कटाई और लकड़ी के परिवहन पर रोक लगाने के लिए मनेन्द्रगढ़ वनमंडल ने निगरानी तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत वन परिक्षेत्र मनेन्द्रगढ़ की टीम ने 4 नवंबर की रात घेराबंदी कर खैर लकड़ी से लदा एक वाहन जब्त किया है। वाहन का पंजीयन नंबर MP 65 GA 2317 बताया गया है। मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
वन विभाग को मिली थी अवैध परिवहन की सूचना
वन विभाग के मुताबिक, टीम को खैर लकड़ी के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद वन अमले ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए संदिग्ध वाहन को रोकने के लिए घेराबंदी की। इस दौरान वाहन चालक ने वनकर्मियों को चकमा देकर मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम की सतर्कता के चलते वह अपने प्रयास में सफल नहीं हो सका।
वन अमले ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर उसमें लदी खैर लकड़ी जब्त कर ली। इसके बाद नियमानुसार वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध कर विस्तृत जांच शुरू की गई।
रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई, वन अपराधियों पर रहेगी नजर
यह कार्रवाई परिक्षेत्र अधिकारी मनेन्द्रगढ़ के नेतृत्व में की गई। अभियान में परिक्षेत्र सहायक रतौरा राम गोपाल सिंह, वन रक्षक विजय पैकरा, रवेंद्र रघुवंशी, जगदेव सिंह, देव सिंह और अशोक कुर्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग ने बताया कि त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए वन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। रात्रिकालीन गश्त के जरिए अवैध कटाई, लकड़ी के परिवहन और अन्य वन अपराधों पर नजर रखी जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




