Raipur Traffic Alert: धनतेरस पर रायपुर के बाजारों में पुलिस का पहरा, ड्रोन से निगरानी; नो-पार्किंग में खड़े 100 से ज्यादा वाहन हटाए

Spread the love

रायपुर :  धनतेरस और त्योहारी खरीदारी के चलते राजधानी रायपुर के प्रमुख बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी कर दी है। सदर बाजार, मालवीय रोड, जय स्तंभ चौक, पंडरी मार्केट, पुरानी बस्ती और भाठागांव जैसे व्यस्त इलाकों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं, वहीं ड्रोन कैमरों के जरिए बाजार क्षेत्रों की निगरानी भी की जा रही है।

त्योहारी भीड़ के दौरान जाम और अव्यवस्था से बचने के लिए यातायात पुलिस ने सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में परेशानी से बचाना और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।

बाजारों में लगातार पेट्रोलिंग, बाधा बने वाहनों को हटाया जा रहा

शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात पुलिस के अधिकारी और जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। सड़क पर आवागमन बाधित करने वाले वाहनों को तत्काल हटवाया जा रहा है, ताकि खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों और व्यापारियों को परेशानी न हो।

ये भी पढ़े :Gold-Silver Price Today: धनतेरस पर सोना-चांदी हुआ सस्ता, सोने में ₹2,016 और चांदी में ₹3,187 की गिरावट; जानें बड़े शहरों के रेट

नो-पार्किंग में वाहन खड़ा किया तो ई-चालान

यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग जोन और सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ई-चालान काटे जा रहे हैं। इसके साथ ही क्रेन की मदद से सड़क और यातायात में बाधा बन रहे वाहनों को हटाया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, अभियान के तहत अब तक 100 से अधिक वाहनों को क्रेन के जरिए हटाया जा चुका है।

ड्रोन कैमरों से बाजारों की निगरानी

सिर्फ यातायात ही नहीं, बल्कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। कमिश्नरेट पुलिस ड्रोन कैमरों के माध्यम से प्रमुख बाजारों पर नजर रख रही है। इसका उद्देश्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी स्थिति का समय रहते पता लगाकर कार्रवाई करना है।

पुलिस की अपील- निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें वाहन

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने नागरिकों से अपील की है कि खरीदारी के लिए बाजार पहुंचते समय अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। सड़क पर बनी सफेद पट्टी के भीतर ही पार्किंग करें और नो-पार्किंग जोन या संकरे रास्तों में वाहन खड़ा करने से बचें।

पुलिस ने कहा है कि नागरिकों के सहयोग से ही त्योहारी सीजन में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *