पेंशन से आवास और रास्ते तक… जनदर्शन में पहुंचे 38 आवेदन, कलेक्टर ने दिए तत्काल निराकरण के निर्देश

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं।

जनदर्शन में कुल 38 आवेदन प्राप्त हुए। नागरिकों ने निराश्रित एवं वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, बैटरी चलित ट्रायसाइकल, प्रधानमंत्री आवास योजना, कटा हुआ रकबा जोड़ने, खाद गड्ढा हटाने और आम रास्ता खुलवाने सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर अपनी मांगें और शिकायतें कलेक्टर के समक्ष रखीं।

कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने प्रत्येक आवेदन पर व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लिया। उन्होंने कई प्रकरणों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से तथा समक्ष बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं गंभीर एवं जांच योग्य मामलों को समय-सीमा (टीएल) पंजी में दर्ज कर नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

ये भी पढ़े :‘बच्चियों को पैदल निकलना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं’… छात्राओं के मार्च पर CM साय सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

‘जनदर्शन प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद का माध्यम’

कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन को संवेदनशीलता के साथ लिया जाएगा और संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करनी होगी।

कलेक्टर ने जनदर्शन में पहुंचे सभी आवेदकों को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से भी संबंधित विभागों को प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *