ठेले पर गुपचुप खाने के बाद बिगड़ी 7 लोगों की तबीयत, तीन बच्चों की हालत गंभीर

Spread the love

बिलासपुर :  छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गुपचुप खाने के बाद एक ही परिवार के सात सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी की शिकायत होने पर सभी को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी हालत ज्यादा खराब बताई जा रही है। छह साल के एक बच्चे को एनआईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। घटना के बाद फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।

CMD कॉलेज के पास ठेले पर खाया था गुपचुप

मिली जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के परसदा गांव निवासी महेश साहू अपनी पत्नी संतोषी साहू और परिवार के बच्चों के साथ बिलासपुर घूमने आए थे। अष्टमी की रात परिवार ने सीएमडी कॉलेज के पास एक ठेले पर गुपचुप खाया था। इसके बाद सभी अपने घर लौट गए।

बताया जा रहा है कि अगले दिन सुबह परिवार के सदस्यों को उल्टियां होने लगीं। कुछ ही समय में परिवार के सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन सभी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।

ये भी पढ़े :‘रिजीम चेंज’ पर कांग्रेस में अलग-अलग सुर? आनंद शर्मा के बयान से गरमाई सियासत, थरूर ने भी रखी बात

तीन बच्चों की हालत ज्यादा खराब, एक NICU में भर्ती

अस्पताल में भर्ती सात लोगों में तीन बच्चे शामिल हैं। उनकी हालत अपेक्षाकृत ज्यादा खराब बताई जा रही है। इनमें छह वर्षीय एक बच्चे को एनआईसीयू में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है।

एक ही परिवार के सात सदस्यों की तबीयत गुपचुप खाने के बाद बिगड़ने से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बीमारी के वास्तविक कारण की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *