PM मोदी के जन्मदिन पर रायगढ़ BJP को झटका, पुसौर नगर पंचायत के 8 पार्षदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

Spread the love

रायगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर जहां भाजपा देशभर में सेवा और संकल्प से जुड़े कार्यक्रम चला रही है, वहीं रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक में पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पुसौर नगर पंचायत के 8 पार्षदों ने भाजपा से सामूहिक रूप से त्यागपत्र दे दिया है। पार्षदों ने अपना हस्ताक्षरित इस्तीफा भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान को सौंपा है।

एक साथ 8 पार्षदों के इस्तीफे से स्थानीय भाजपा संगठन में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। इस्तीफा देने वाले पार्षदों ने नगर पंचायत में विकास कार्यों की स्थिति और कथित उत्पीड़न को लेकर अपनी नाराजगी जताई है।

इन पार्षदों ने सौंपा इस्तीफा

भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान को त्यागपत्र सौंपने वालों में पुसौर नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद बलराम, वार्ड 14 के शौकीलाल चौहान, वार्ड 11 के रूपेश कुमार साव, वार्ड 1 के प्रदीप यादव, वार्ड 2 के फागूलाल प्रधान, वार्ड 3 की मंजू पटेल और वार्ड 7 के वरुण महाणा शामिल हैं।

इनके अलावा नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव ने भी सामूहिक त्यागपत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।

ये भी पढ़े :मणिपुर हिंसा: राहत शिविरों में 640 मौतों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, 25 अप्राकृतिक मौतों की मांगी पूरी जानकारी

विकास कार्य नहीं होने का लगाया आरोप

पार्षदों ने अपने त्यागपत्र में अपनी नाराजगी और पीड़ा का उल्लेख किया है। उनका कहना है कि नगर पंचायत में शासकीय कर्मचारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से कथित तौर पर किए जा रहे उत्पीड़न तथा विकास कार्यों की कमी से वे परेशान हैं।

त्यागपत्र में पार्षदों ने आरोप लगाया है कि उनके वार्डों में आम लोगों की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े पानी, बिजली, सड़क और नाली सहित अन्य विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। इसके साथ ही पार्षद निधि से संबंधित कार्य भी लंबित होने की बात कही गई है।

पार्षदों ने इन्हीं परिस्थितियों का हवाला देते हुए भाजपा से त्यागपत्र देना उचित बताया है।

सेवा-संकल्प अभियान के बीच घटनाक्रम

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा और संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। पुसौर नगर पंचायत के 8 पार्षदों के एक साथ पार्टी छोड़ने के फैसले से स्थानीय स्तर पर संगठन के भीतर चर्चा तेज हो गई है।

अब भाजपा संगठन की ओर से इस सामूहिक इस्तीफे को लेकर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है, इस पर नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *