तिरंगे की शान में गूंजा छुरा, SAGES स्कूल के बच्चों ने निकाली भव्य देशभक्ति रैली

Spread the love

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद /छुरा :  SAGES इंग्लिश मीडियम स्कूल छुरा में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। राष्ट्रध्वज फहराने के साथ राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में SMDC अध्यक्ष सी.आर. सिन्हा, विशिष्ट अतिथि SMDC सदस्य अशोक जैन एवं विद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक मोतीलाल साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार मिश्रा ने की।

तिरंगा लेकर निकली भव्य रैली, देशभक्ति नारों से गूंजा नगर
ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नगर में भव्य देशभक्ति रैली निकाली। बड़ी संख्या में शामिल विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।विभिन्न आकर्षक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत वेशभूषा में सजे बच्चे रैली का विशेष आकर्षण रहे। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर पंचायत क्षेत्र सहित छुरा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी और पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्गभर नागरिकों ने बच्चों के उत्साह और देशभक्ति की भावना की सराहना की।

ये भी पढ़े :असम बाढ़ पीड़ितों के लिए छत्तीसगढ़ की बड़ी मदद, CM साय ने राज्यपाल रमेन डेका को सौंपा ₹5 करोड़ का चेक

अतिथियों ने विद्यार्थियों को दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
मुख्य अतिथि सी.आर. सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और मेहनत को जीवन का आधार बनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथि अशोक जैन ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अच्छे संस्कार अपनाने तथा माता-पिता, गुरुजनों एवं देश का नाम रोशन करने की अपील की।सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक मोतीलाल साहू ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास एवं वीर सपूतों के योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम और देशसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्राचार्य प्रदीप मिश्रा ने दिलाया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार मिश्रा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों को याद करने का दिन भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, नैतिकता एवं सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। आज के विद्यार्थी मेहनत और लगन से शिक्षा प्राप्त कर भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनेंगे और राष्ट्र की उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा सदैव देशहित में कार्य करने का संकल्प दिलाया।

आकर्षक वेशभूषा ने बढ़ाई समारोह की रौनक
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न देशभक्ति एवं सांस्कृतिक वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों और रैली में उनके उत्साह ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए रैली को व्यवस्थित एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर से लेकर छुरा नगर तक देशभक्ति का माहौल बना रहा। विद्यालय परिवार ने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *