पनेका धान उपार्जन केंद्र में 25 प्रतिशत नमी वाला धान किया गया रिजेक्ट

Spread the love

कवर्धा टेकेश्वर दुबे : खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में पनेका धान उपार्जन केंद्र में किसान नरेंद्र चंद्राकर द्वारा विक्रय के लिए लाए गए धान की जांच की गई। जांच के दौरान धान में नमी की मात्रा 25 प्रतिशत पाई गई। निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन द्वारा उक्त धान को रिजेक्ट कर दिया गया।

ये भी पढ़े :धान के अवैध कारोबार पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 2,798 बोरी-कट्टा धान जब्त

प्राप्त जानकारी के अनुसार किसान नरेंद्र चंद्राकर द्वारा उपार्जन केंद्र में लगभग 180 क्विंटल धान विक्रय के लिए लाया गया था। धान की जांच के दौरान नमी मापन मशीन से परीक्षण किया गया, जिसमें नमी की मात्रा 25 प्रतिशत पाई गई। जबकि धान की अधिकतम नमी 17 प्रतिशत तक ही मान्य है। इसके बाद खाद्य अधिकारी द्वारा गुणवत्ता मानकों को ध्यान में रखते हुए धान को खरीदी के लिए अस्वीकृत किया गया। धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए उपार्जन केंद्रों में धान की नियमित जांच की जा रही है। धान की तौलाई एवं खरीदी से पहले नमी की जांच सहित आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

खाद्य अधिकारी श्री चंद्रशेखर देवांगन ने किसानों से अपील की है कि वे उपार्जन केंद्रों में धान लाने से पहले यह सुनिश्चित करें कि उनकी उपज निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो। इससे धान खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न होगी तथा किसानों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *