साइबर ठगों पर वार की तैयारी! बेमेतरा में 7 सप्ताह चलेगा ‘साइबर जागृति अभियान’, सेल्फी के जरिए फैलेगा सुरक्षा का संदेश

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” का प्रदेशव्यापी आयोजन किया जा रहा है। देश की आजादी की भावना से प्रेरित यह अभियान साइबर अपराध के विरुद्ध जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक जागरूकता फैलाने तथा छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराध के विभिन्न स्वरूपों, उनसे बचाव के उपायों तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों की जानकारी देना है।

“साइबर जागृति अभियान” का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ राजधानी रायपुर में माननीय मुख्यमंत्री महोदय विष्णु देव साय जी एवं माननीय उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री महोदय श्री विजय शर्मा जी द्वारा किया गया। प्रदेश स्तरीय शुभारंभ के साथ ही अभियान को प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तर पर व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में 15 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर माननीय मुख्य अतिथि महोदय दुर्ग लोकसभा सांसद श्री विजय बघेल, बेमेतरा विधायक माननीय श्री दीपेश साहू, जिले के कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं (भा.प्र.से.), पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्री त्रिलोक बंसल (IPS) सहित प्रेस एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के बंधुओं ने जिला मुख्यालय बेमेतरा के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल परेड ग्राउण्ड में ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात, छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत समस्त अतिथिगण एवं नगरवासियों की उपस्थिति में ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ ली एवं नागरिकों को इस विशेष अभियान से जुड़ने का अपील किया।

उन्होंने कहा कि आजादी के महापर्व स्वतंत्रता दिवस के पावन आवसर पर माननीय मुख्यमंत्री महोदय श्री विष्णु देव साय जी एवं माननीय उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री महोदय श्री विजय शर्मा जी द्वारा साइबर अपराध पर नियंत्रण एवं लोगों को अधिक से अधिक संख्या में जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर साइबर जागृति महाभियान का शुभारंभ किया गया है।

उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि दिए गए QR code को स्कैन कर अथवा link पर क्लिक कर अपनी सेल्फी लेकर उसे अपने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जरूर अपलोड करे जिससे अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा सके, आप का यह छोटा सा प्रयास निश्चित ही सायबर अपराधों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ये भी पढ़े :हर कदम शिव को समर्पित, हर श्वास में हर हर महादेव : विधायक भावना बोहरा और कांवड़ियों ने किया भोरमदेव में जलाभिषेक, अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी की कांवड़ यात्रा पूर्ण

“साइबर जागृति अभियान” के उद्देश्य, इसकी थीम, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों तथा जिले में अभियान के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी प्रकार साइबर अपराध के विरुद्ध भी समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना होगा।

“साइबर जागृति अभियान” की मुख्य थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” है। अभियान के अंतर्गत नागरिक छत्तीसगढ़ पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक को क्लिक कर अथवा QR कोड को स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली “सेल्फी फ्रेम” में अपनी सेल्फी लेकर उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर पोस्ट एवं शेयर करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम द्वारा उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा वर्तमान समय में बढ़ रहे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों एवं उनसे बचने के व्यवहारिक उपायों के बारे में समझाया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने नागरिकों को विशेष रूप से ऑनलाइन ठगी, फर्जी कस्टमर केयर, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी लिंक एवं QR Code, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी, OTP फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड तथा निवेश के नाम पर होने वाले साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। साथ ही नागरिकों को किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल इसकी सूचना संबंधित बैंक एवं पुलिस को देने तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जानकारी दी गई।

अभियान के तहत कार्यक्रम स्थल पर साइबर जागरूकता संबंधी स्टैंडी एवं सेल्फी फ्रेम भी लगाए गए।सेल्फी फ्रेम में दिए गए लिंक अथवा QR Code को स्कैन कर जागरूकता संदेश के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करने के लिए आमजन को प्रोत्साहित किया गया।

इसका उद्देश्य साइबर सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना तथा आमजन को इस जागरूकता अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता रही। उपस्थित नागरिकों ने साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी को उपयोगी बताते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता की तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि साइबर अपराध के प्रति स्वयं जागरूक रहें और दूसरों को भी जागरूक करें। डिजिटल सुविधाओं का उपयोग करते समय सतर्कता एवं सावधानी बरतें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि अथवा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल संबंधित बैंक एवं पुलिस को सूचना दें।

आजादी सिर्फ सीमाओं की नहीं, डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने की भी है। इस स्वतंत्रता दिवस पर आइए संकल्प लें—अपनी पहचान, अपनी Privacy और अपने पैसे की सुरक्षा का। जागरूक बनें, सुरक्षित रहें और सशक्त डिजिटल भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू, नगर पालिका अध्यक्षक विजय सिन्हा, बेमेतरा जनपद अध्यक्ष हेमाजय दिवाकर, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दयावंत बांधे, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेमलता पद्माकर, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *