ईशा कोप्पिकर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में अभिनेत्री ने खुद को ‘अंधभक्त’ बताया है। ईशा कोप्पिकर ने मंगलवार को ये वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उनकी भक्ति किसी राजनीतिक पार्टी के लिए नहीं बल्कि अपने देश के और उसकी तरक्की के लिए है। अब एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने भी ईशा कोप्पिकर के इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में कंगना ने ‘लोमड़ी’ कहते हुए नसीरुद्दीन शाह पर तीखा हमला किया था। इस बीच अब उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर ईशा का वीडियो शेयर और अपने बचपन की उस घटना का जिक्र किया, जब उन्होंने स्कूल में एक ऐसे टीचर का विरोध किया था जो बच्चों को छड़ी से मारता था।
कंगना रनौत ने किया ईशा कोप्पिकर का सपोर्ट
ईशा कोप्पिकर का वीडियो शेयर करते हुए कंगना ने लिखा, ‘वाह, बहुत अच्छे से समझाया गया है । जब मैं हाई स्कूल में थी, मैंने एक ऐसे शिक्षक का विरोध किया था जो असेंबली के दौरान छोटे बच्चों के सिर पर छड़ी मारता था। मैंने 26/11 हमले का भी विरोध किया और निर्भया के साथ हुई बर्बरता का भी खुलकर विरोध किया। मैंने कभी भी अपने रास्ते में आने वाली रुकावटों के लिए अपने माता-पिता को दोष नहीं दिया। बल्कि, मैंने अपने परिवार के जीवन के स्तर को उतना ही ऊंचा उठाया है, जितना मैंने खुद के लिए हासिल किया। जब भी मैं किसी से मिलती हूं, लोग मुझे उनका भक्त मान लेते हैं। लेकिन, मैंने अपने देश और उसके लोगों से प्यार करती हूं और मुझे बस अपनी जिंदगी से प्यार है।’
ईशा कोप्पिकर ने खुद को कहा ‘अंधभक्त’
मंगलवार को ईशा कोप्पिकर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने भारत के लिए अपना प्यार जाहिर करते हुए उन लोगों से सवाल किए जो सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल कर रहे थे। उन्होंने सभी से अपने देश पर ‘गर्व’ करने की अपील की। वह कहती हैं, ‘हां मैं अंधभक्त हूं, अगर अपने देश से प्यार करना अंधभक्ति है तो मैं अंधभक्त हूं। लेकिन, मेरी ये अंधभक्ति किसी राजनीतिक पार्टी के लिए नहीं, मेरे देश के लिए है। मेरे लिए सबसे पहले देश है। मैं सरकार सरकार से सवाल कर सकती हूं, उसकी नीतियों से असहमत हो सकती हूं। मगर मैं अपने देश से पूरे दिल से प्यार करती हूं। ये मेरा देश, मेरा घर है, जहां मैंने रोजी-रोटी कमाई है और कमा रही हूं। यहां मुझे आगे बढ़े के मौके मिले हैं और इसलिए मुझे अपने देश पर गर्व करने में कोई शर्म नहीं है। आप चाहे कहीं भी रहें, उस जगह से प्यार करना और सम्मान देना सीखें। आपने जो घर चुना है, उस पर गर्व करें।’
मुझे अपने देश पर पूरा भरोसा है- ईशा कोप्पिकर
ईशा कोप्पिकर आगे कहती हैं- ‘ भक्ति सिर्फ ये कहना नहीं है कि ‘मुझे अपने देश से प्यार है’। देशभक्ति का मतलब है कुछ ऐसा करना जिससे आपके देश में सुधार हो। ये पूछने की जगह कि हमने देश को क्या दिया है, ये सोचना शुरू करना चाहिए कि हम देश के लिए क्या कर सकते हैं? क्योंकि देश बदल रहा है। आप मुझे भक्त कहें, अंधभक्त कहें या राष्ट्रवादी। मैं एक भारतीय हूं और अपने भारत से प्यार करती हूं। मुझे अपने देश पर पूरा भरोसा है।’ दरअसल, पिछले कुछ दिनों ईशा कोप्पिकर को स्टूडेंट्स के प्रोटेस्ट पर चुप्पी को लेकर ट्रोल किया गया था, जिसके चलते उन्होंने ये वीडियो शेयर किया है।

