मुंबई : बॉलीवुड की सबसे चर्चित कॉमेडी फ्रैंचाइजी में शामिल ‘गोलमाल’ एक बार फिर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार है। रोहित शेट्टी की इस लोकप्रिय सीरीज की पांचवीं फिल्म ‘गोलमाल 5’ की रिलीज डेट सामने आ गई है। फिल्म नए साल में सिनेमाघरों में दस्तक देगी और इस बार कॉमेडी का तड़का और भी खास होने वाला है।
रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया के जरिए ‘गोलमाल 5’ की रिलीज डेट 8 जनवरी 2027 घोषित की है। मेकर्स ने फिल्म की घोषणा करते हुए हंसी, मस्ती, खुशी और परिवार के साथ मनोरंजन का वादा किया है। यानी नए साल की शुरुआत दर्शकों के लिए गोलमाल गैंग के साथ ठहाकों से होने वाली है।
अक्षय कुमार की हुई ‘गोलमाल गैंग’ में एंट्री
‘गोलमाल 5’ को लेकर सबसे खास बात इस बार अक्षय कुमार की एंट्री है। फिल्म की आधिकारिक घोषणा के दौरान ही उनके फ्रैंचाइजी से जुड़ने की जानकारी सामने आई थी। अक्षय कुमार अब अजय देवगन और बाकी कलाकारों के साथ मिलकर दर्शकों को कॉमेडी का नया डोज देते नजर आएंगे।
फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, शरमन जोशी और कुणाल खेमू जैसे पुराने कलाकार भी वापसी कर रहे हैं। ऐसे में ‘गोलमाल’ की पुरानी गैंग और अक्षय कुमार की नई एंट्री फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रही है।
ये भी पढ़े :मौहाडिह के चांदनी चौक पहुंचे विनोद यादव, गणेश उत्सव में की विधि-विधान से पूजा-अर्चना
2006 में शुरू हुआ था ‘गोलमाल’ का सफर
‘गोलमाल’ फ्रैंचाइजी की शुरुआत साल 2006 में ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ से हुई थी। इसके बाद ‘गोलमाल रिटर्न्स’ 2008, ‘गोलमाल 3’ 2010 और ‘गोलमाल अगेन’ 2017 में रिलीज हुई।
अब करीब एक दशक के इंतजार के बाद फ्रैंचाइजी की पांचवीं फिल्म बड़े पर्दे पर आने वाली है। पिछली फिल्मों की तरह इस बार भी रोहित शेट्टी के निर्देशन में हंसी, मस्ती, गलतफहमियां और अफरा-तफरी देखने को मिलने की उम्मीद है।
शरमन जोशी की भी हुई वापसी
‘गोलमाल 5’ में पुराने कलाकारों की वापसी भी खास है। शरमन जोशी पहली फिल्म ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ का हिस्सा रहे थे और अब फ्रैंचाइजी की पांचवीं फिल्म के साथ दोबारा जुड़ रहे हैं। वहीं अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और श्रेयस तलपड़े भी अपनी पुरानी भूमिकाओं के साथ वापसी कर रहे हैं।
8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
फिल्म का निर्देशन एक बार फिर रोहित शेट्टी कर रहे हैं, जबकि अजय देवगन अपने लोकप्रिय किरदार गोपाल के रूप में नजर आएंगे। ‘गोलमाल 5’ 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फ्रैंचाइजी में इस बार अक्षय कुमार जैसे नए चेहरे की एंट्री और पुराने कलाकारों की वापसी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि गोलमाल गैंग की नई कहानी बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितने ठहाके देती है।




