बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण एक बार फिर अपने आउटफिट के रंग को लेकर चर्चा में आ गई हैं। इस बार वजह उनकी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ का नया गाना ‘तू मिल जाए’ है। शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर आधी रात को रिलीज हुए इस रोमांटिक गाने में दीपिका भगवा रंग के आउटफिट में नजर आ रही हैं। गाने में शाहरुख और दीपिका की केमिस्ट्री को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान उनके कपड़ों के रंग पर ज्यादा टिक गया है। दीपिका को भगवा रंग में देखकर फैंस को साल 2023 की फिल्म ‘पठान’ का गाना ‘बेशरम रंग’ याद आ गया। उस वक्त दीपिका की भगवा बिकिनी को लेकर देशभर में विवाद हुआ था। अब एक बार फिर उसी रंग में अभिनेत्री को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स कई तरह के कयास लगा रहे हैं।
‘तू मिल जाए’ में दीपिका का भगवा लुक बना चर्चा का विषय
शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया है। इस गाने को अरिजीत सिंह और एड शीरन ने अपनी आवाज दी है। रोमांटिक धुन और शाहरुख-दीपिका की शानदार केमिस्ट्री के बीच अभिनेत्री का भगवा रंग का आउटफिट लोगों का ध्यान खींच रहा है। गाने के कुछ दृश्य सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दीपिका के लुक की तुलना ‘पठान’ के ‘बेशरम रंग’ से करनी शुरू कर दी। कुछ लोगों का मानना है कि फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने जानबूझकर इस रंग को चुना है, ताकि पुराने विवाद की याद दिलाई जा सके। गौरतलब है कि सिद्धार्थ आनंद ने ही ‘पठान’ का निर्देशन भी किया था। एक यूजर ने गाने से दीपिका की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि इस बार मेकर्स ने काफी मजेदार अंदाज अपनाया है। वहीं, एक अन्य यूजर ने सवाल किया कि क्या शाहरुख खान किसी को अपने अंदाज में जवाब दे रहे हैं? इंस्टाग्राम पर वायरल एक रील में इसे पुराने विवाद से जोड़ते हुए दावा किया गया कि शाहरुख ने उन लोगों पर तंज कसा है, जिन्होंने पहले दीपिका के कपड़ों पर आपत्ति जताई थी। एक्स पर भी दीपिका के भगवा लुक को लेकर कई पोस्ट देखने को मिल रहे हैं।
‘बेशरम रंग’ को लेकर क्यों हुआ था विवाद?
साल 2023 में रिलीज हुई शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘पठान’ के गाने ‘बेशरम रंग’ ने रिलीज के साथ ही विवाद खड़ा कर दिया था। गाने में दीपिका भगवा रंग की बिकिनी पहने नजर आई थीं। कुछ धार्मिक संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि हिंदू धर्म में भगवा रंग को पवित्र माना जाता है और इसे ‘बेशरम रंग’ जैसे गाने के साथ दिखाना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है। विवाद ने जल्द ही राजनीतिक रूप ले लिया था। मध्य प्रदेश के तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी दीपिका के पहनावे पर सवाल उठाए थे। उन्होंने अभिनेत्री की ड्रेस को अश्लील बताते हुए गाने में बदलाव की मांग की थी। इतना ही नहीं, उन्होंने फिल्म को राज्य में प्रतिबंधित करने की चेतावनी भी दी थी। विश्व हिंदू परिषद समेत कई संगठनों ने भी फिल्म और गाने को लेकर विरोध जताया था।
सिद्धार्थ आनंद ने दी थी सफाई, सेंसर बोर्ड ने सुझाए बदलाव
विवाद बढ़ने के बाद निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने गाने में भगवा रंग के इस्तेमाल को लेकर सफाई दी थी। उन्होंने बताया था कि गाने के खुशनुमा और धूप वाले बैकग्राउंड को ध्यान में रखते हुए यह रंग चुना गया था। इसके पीछे किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। बाद में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने भी फिल्म में कुछ बदलाव सुझाए थे, जिनमें गाने के कुछ दृश्य शामिल थे।
‘किंग’ में नजर आएगी सितारों की लंबी फौज
फिल्म ‘किंग’ शाहरुख खान की आगामी बड़ी फिल्मों में शामिल है। इस फिल्म से उनकी बेटी सुहाना खान बड़े पर्दे पर डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल, सौरभ शुक्ला, अभय वर्मा और करीना कपूर खान जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।




