रायपुर में 13 साल की बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म, दो नाबालिग हिरासत में

Spread the love

रायपुर: राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बच्ची के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना के बाद दोनों किशोरों ने बच्ची को धमकाया, जिसके चलते वह करीब एक महीने तक परिवार को कुछ नहीं बता सकी। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में तबीयत बिगड़ने पर उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है।

सहेली से मिलने गई थी बच्ची

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, घटना 25 सितंबर की बताई जा रही है। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची अपनी सहेली से मिलने उसके घर गई थी। उस समय सहेली घर पर मौजूद नहीं थी। आरोप है कि वहां मौजूद उसके भाई और एक अन्य किशोर ने बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ यौन हिंसा की। इसके बाद उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

ये भी पढ़े :जगदलपुर के जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, इलाके में मचा हड़कंप

धमकी के डर से परिवार को नहीं दी जानकारी

बताया गया है कि बच्ची घटना के बाद घर लौट आई, लेकिन डर के कारण उसने किसी को कुछ नहीं बताया। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने की शिकायत हुई। परिवार के पूछने पर उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर विधानसभा थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

दोनों आरोपी किशोर, बाल संप्रेषण गृह भेजे गए

शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 14 और 16 वर्ष के दो किशोरों को हिरासत में लिया गया है। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को बाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।

मामला नाबालिगों से जुड़ा होने के कारण पुलिस और संबंधित एजेंसियों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *