परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरा ने बिजली बिलों में कथित बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में एक माह तक चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया है। इसी आंदोलन की रणनीति तय करने के लिए स्थानीय विश्राम गृह छुरा में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में गरियाबंद जिला कांग्रेस के प्रभारी एवं पूर्व संसदीय सचिव तथा पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा, ब्लॉक प्रभारी पवन सोनकर एवं सह-सचिव सुनील तिवारी की विशेष उपस्थिति रही।बैठक में बिजली बिलों में कथित बेतहाशा बढ़ोतरी तथा स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं जानने और उन्हें आंदोलन से जोड़ने की रणनीति तैयार की गई। कांग्रेस ने आगामी एक माह तक शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
घर-घर पहुंचेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
मुख्य अतिथि विनोद चंद्राकर ने कहा कि आंदोलन के दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क करेंगे। स्मार्ट मीटर हटाकर पूर्व की व्यवस्था के अनुसार पुराने मीटर लगाए जाने की मांग को लेकर उपभोक्ताओं से फॉर्म भरवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभियान के अगले चरण में ब्लॉक मुख्यालय स्थित बिजली कार्यालय का घेराव कर सरकार एवं विद्युत विभाग के समक्ष उपभोक्ताओं की समस्याओं को मजबूती से रखा जाएगा।जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त बिजली उत्पादन होने के बावजूद आम उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल मिलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश्वरी शाह ने मंडल अध्यक्षों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक घर तक पहुंचें और उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के संबंध में जानकारी देते हुए स्मार्ट मीटर हटाने की मांग के समर्थन में अधिक से अधिक फॉर्म भरवाएं। उन्होंने कहा कि आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाकर इसे जन-आंदोलन का रूप देने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
ये भी पढ़े :पेड़ की डाल काटते वक्त 33KV तार की चपेट में आया युवक, मौके पर मौत
भाजपा के चार कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
बैठक के दौरान भाजपा के चार कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस के अनुसार भाजपा की नीतियों एवं स्थानीय स्तर पर कथित कुशासन से असंतुष्ट होकर भाजपा अनुसूचित जाति मंडल संयोजक नारायण आगरे, युवा कार्यकर्ता राजेंद्र ओगरे, भाजपा कार्यकर्ता संतराम एवं बूथ अध्यक्ष हेमेन्द्र नागेश ने कांग्रेस की रीति-नीति एवं विचारधारा से प्रभावित होकर पार्टी में प्रवेश किया।
कांग्रेस नेताओं एवं पदाधिकारियों ने नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं का गमछा एवं फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री हरीश यादव ने किया, जबकि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष सलीम मेमन ने आभार प्रदर्शन किया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, मंडल, सेक्टर एवं बूथ स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी एवं स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर आंदोलन आगामी एक माह तक चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। इस दौरान व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के साथ उपभोक्ताओं की शिकायतों और मांगों को एकत्रित कर आगामी दिनों में बिजली कार्यालय के घेराव के माध्यम से सरकार एवं विद्युत विभाग के समक्ष रखा जाएगा।




