सक्ती में IG राम गोपाल गर्ग का बड़ा एक्शन प्लान, डभरा थाने के निरीक्षण में लंबित मामलों पर दिए सख्त निर्देश

Spread the love

सक्ती : बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने सक्ती जिले का प्रवास कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय और थाना डभरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस महानिरीक्षक ने सक्ती पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद आम नागरिकों की सुविधा के लिए नवनिर्मित आगंतुक कक्ष एवं वाहन शेड का उद्घाटन किया तथा कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इसके पश्चात आईजी राम गोपाल गर्ग ने अपने गोद लिए हुए थाना डभरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। थाना परिसर में वृक्षारोपण करने के साथ नवनिर्मित थाना भवन का जायजा लिया और जल्द से जल्द नए भवन में थाना स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने थाना भवन के रख-रखाव एवं परिसर की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

ये भी पढ़े :आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश: ISBM विश्वविद्यालय में पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि, कुलसचिव डॉ. बी.पी. भोल ने दिलाया शांति का संकल्प

निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना डभरा के अधिकारी-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने थाना क्षेत्र के गुंडा, निगरानी, माफी बदमाश एवं सजायाफ्ता व्यक्तियों की जानकारी लेते हुए उनकी वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा की। ऐसे व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एक निगरानी अथवा गुंडा बदमाश की जिम्मेदारी एक विवेचक को सौंपकर नियमित निगरानी करने पर जोर दिया।

आईजी ने पुराने एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आगामी एक माह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा समंस एवं वारंट की प्रभावी तामीली, अदम तामीली की तस्दीक, ई-समंस के शत-प्रतिशत उपयोग तथा गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ‘सशक्त एप’ का अधिक से अधिक उपयोग करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी सक्ती श्रीमती भुवनेश्वरी पैकरा, एसडीओपी चंद्रपुर सुमित गुप्ता, थाना प्रभारी डभरा राजेश पटेल सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *