दंतेवाड़ा : थाना भांसी पुलिस ने अवैध कबाड़ के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 टन लोहे के कबाड़ से भरी पिकअप वाहन जब्त की है। जब्त कबाड़ की कीमत करीब 1 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार खूँटे एवं एसडीओपी अविनाश ठाकुर के निर्देशन में किरंदुल-बचेली के एनएमडीसी औद्योगिक क्षेत्र में हो रही चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 23 अगस्त को निरीक्षक निर्मल वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम एमसीपी चेकिंग और फोरेस्ट/खनिज जांच नाका भांसी की ओर रवाना हुई थी। दोपहर करीब 3 बजे आईडीआई मेन रोड, भांसी बाजारपारा के पास सड़क किनारे दो ट्रकों के बीच एक सफेद रंग की पिकअप क्रमांक CG-18-S-6590 लावारिस हालत में खड़ी मिली।
पुलिस ने तिरपाल हटाकर जांच की तो उसमें भारी मात्रा में लोहे का अवैध कबाड़ भरा मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वाहन बचेली की ओर से लाया गया था और चालक खाना खाने जाने की बात कहकर पैदल भांसी-किरंदुल की ओर चले गए।
पुलिस ने गवाहों के समक्ष वैधानिक कार्रवाई कर वाहन को जब्त कर थाना भांसी में सुरक्षित रखा है। अवैध कबाड़ के स्रोत और आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक ललित कुमार रजक, सउनि शिवनारायण निवास, रमेश्वर श्यामले, धर्मेन्द्र सलाम, मनोज नाथ, शंकर ठाकुर सहित आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




