बिलाईगढ़ : ग्राम पंडरीपानी में सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान चोरी करने के मामले का बिलाईगढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों समेत चोरी का सामान रखने वाले एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

ताला तोड़कर आलमारी से उड़ाए थे जेवर
पुलिस के मुताबिक पंडरीपानी निवासी श्रवण कुमार रात्रे ने 19 अगस्त को थाना बिलाईगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार वह मकान में ताला लगाकर बाहर गया हुआ था। 18 अगस्त को उसके चचेरे भाई चरणलाल ने फोन कर घर का ताला टूटा होने और सामान बिखरा होने की जानकारी दी।
घर पहुंचने पर आलमारी का लॉकर टूटा मिला और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 331(4), 305 BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
नया मोबाइल और खर्चीले अंदाज ने खोला राज
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंडरीपानी निवासी सुमित कुमार लहरे (20) और देवा रात्रे (18) चोरी के बाद नया मोबाइल खरीदकर जमकर पैसे खर्च कर रहे हैं।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने 13 अगस्त को मिलकर दीवार फांदकर मकान में घुसने और ताला तोड़कर आलमारी से सोने-चांदी के जेवर चोरी करने की बात स्वीकार की।
चोरी के माल से खरीदा मोबाइल भी बरामद
पुलिस ने सुमित लहरे के कब्जे से चोरी की संपत्ति बेचकर खरीदा गया रियलमी मोबाइल, उसका बिल और 4 हजार रुपये नकद बरामद किए।
वहीं देवा रात्रे की निशानदेही पर चांदी की सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में देवा ने बताया कि चोरी के सोने-चांदी के जेवर उसके मामा मनीष कुमार महिलांगे (20), निवासी पोंडीबाहर, कोरबा के पास रखे गए हैं।
इसके बाद पुलिस ने मनीष को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने की माला की 9 पत्तियां और चांदी की पायल बरामद की।
तीनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस के अनुसार दो से अधिक आरोपियों द्वारा एकराय होकर चोरी किए जाने के कारण मामले में धारा 3(5) BNS जोड़ी गई है। वहीं चोरी की संपत्ति को बेईमानीपूर्वक अपने कब्जे में रखने के आरोप में मनीष महिलांगे के खिलाफ धारा 317 BNS के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।




