बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बनारस रोड पर पुराने नर्सरी के पास मजदूरों से भरी बस और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि बस और बोलेरो में सवार कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बस उत्तर प्रदेश के दुद्धी से मजदूरों को लेकर तेलंगाना के हैदराबाद जा रही थी। इसी दौरान वाड्रफनगर के पुराने नर्सरी के पास बस और बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में उत्तर प्रदेश के मोहली निवासी करीब 50 वर्षीय सहदेव पिता थुरच की मौत हो गई। वहीं बोलेरो में सवार कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। बस में सवार मजदूरों को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।




