बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : प्रार्थी धर्मेन्द्र कुर्रे उम्र 40 वर्ष, निवासी संबलपुर स्थायी पता ग्राम टिंगाली जेवरा पुलिस चौकी सम्बलपुर थाना नवागढ़ जिला बेमेतरा ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि दिनांक 30 अगस्त 2026 की रात्रि करीब 9:20 बजे अपनी दुकान में अपने पुत्र प्रीतम के साथ मौजूद था। इसी दौरान ग्राम संबलपुर निवासी हेमंत उर्फ लल्ला बघेल दुकान पर आया और डिस्पोजल पानी पाउच उधार में देने की मांग करने लगा। पूर्व में उधार होने के कारण प्रार्थी द्वारा पहले पुराना उधार चुकाने के बाद सामान देने की बात कही गई। इसके बाद आरोपी दो-दो पाउच देने की बात कहकर पानी पाउच लेकर चला गया।
करीब 10 मिनट बाद आरोपी पुनः दुकान पर आया और पानी पाउच मांगने लगा। प्रार्थी के पुत्र प्रीतम द्वारा देने से मना करने पर आरोपी नाराज होकर अश्लील गाली-गलौज करने लगा। प्रार्थी द्वारा समझाने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा दुकान के काउंटर को तोड़कर सामान को बिखेर दिया।
इसी दौरान आरोपी ने दुकान के काउंटर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू को उठाकर मारने का प्रयास किया। प्रार्थी द्वारा आरोपी का हाथ पकड़ने पर आरोपी ने हाथ को जोर से अपनी ओर खींचा, जिससे प्रार्थी के बाएं हाथ की उंगलियों में चोट आई। भयभीत होकर प्रार्थी सड़क की ओर भागा, लेकिन आरोपी कुछ दूर तक उसका पीछा करते हुए गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देता रहा। इसके बाद आरोपी दुकान पर वापस आया और प्रार्थी के पुत्र प्रीतम सहित एक अन्य व्यक्ति को भी अपने विरुद्ध रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 324(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त घटना के संबंध में वरिष्ट अधिकारियो को अवगत कराया गया। जिस पर पुलिस अधीक्षक (SP) श्री त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.)ने तत्काल आरोपी के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करने निर्देश दिए। जिसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा श्री भुषण एक्का के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी संबलपुर सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार क्षत्री को अपराध विवेचना हेतु चौकी स्टाफ के साथ लगाया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी हेमंत बघेल उर्फ लल्ला उम्र 25 वर्ष, निवासी संबलपुर पुलिस चौकी संबलपुर, थाना नवागढ़ को हिरासत में लेकर पुछताछ करने पर अपना अपराध स्वीकार किया।
प्रकरण में आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार वस्तु एवं अन्य साक्ष्य जप्त किया गया।
प्रकरण में आरोपी हेमंत बघेल उर्फ लल्ला पिता श्याम बघेल उम्र 25 वर्ष निवासी संबलपुर, पुलिस चौकी संबलपुर, थाना नवागढ़ जिला-बेमेतरा को दिनांक 03.09.2026 को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में चौकी प्रभारी संबलपुर सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार क्षत्री, प्रधान आरक्षक गौरी शंकर शर्मा, आरक्षक रवि चंद्रवंशी, धनंजय सिंह सहित अन्य चौकी स्टाफ का महत्वपूर्ण भूमिका रही।




