कहीं टीन शेड तो कहीं सामुदायिक भवन का भूमिपूजन, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं; कनसिंघी स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली पर भड़के विधायक, सुधार नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठने की चेतावनी

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : नवरात्र पर्व के बीच बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव रसेला क्षेत्र के विभिन्न गांवों के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देवी मंदिरों में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। साथ ही गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों से भेंट-मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी। दौरे के दौरान धार्मिक आस्था, जनसंपर्क, विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर विधायक का सख्त रुख चर्चा का विषय रहा।विधायक जनक ध्रुव ने अपने दौरे की शुरुआत ग्राम सेम्हरा से की। यहां शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर उन्होंने माता के समक्ष मत्था टेका और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं और क्षेत्र की आवश्यकताओं की जानकारी ली।इसके पश्चात विधायक ग्राम केंवटीझर पहुंचे, जहां शीतला माता मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद पांच लाख रुपये की लागत से टीन शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके बाद पंचायत भवन में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और स्थानीय आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा की।
टोनहीडबरी से कनसिंघी तक सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
दौरे के अगले पड़ाव में विधायक ग्राम टोनहीडबरी पहुंचे। यहां शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद उन्होंने ग्रामीणों से भेंट-मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद कनसिंघी में सहकारी समिति परिसर में 14 लाख 23 हजार रुपये की लागत से बनने वाले टीन शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।कनसिंघी में जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था को लेकर विधायक के समक्ष शिकायतें रखीं। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पर नाराज हुए विधायक, सुधार नहीं होने पर धरने की चेतावनी
कनसिंघी स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान विधायक जनक ध्रुव ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की आवश्यकता पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभागीय कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कड़ी फटकार लगाई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर व्यवस्था में शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने की बात कही।विधायक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कनसिंघी स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में वे ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आम जनता की बुनियादी जरूरत हैं और ग्रामीणों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है।
इसी तरह ग्राम हीराबतर स्वास्थ्य केंद्र में रात्रि के समय स्टाफ उपलब्ध नहीं रहने की शिकायत भी विधायक के संज्ञान में आई। इस पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से चर्चा कर व्यवस्था में सुधार कराने की बात कही। क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की उपलब्धता और मरीजों को समय पर उपचार मिलने का मुद्दा इस दौरे के दौरान प्रमुखता से सामने आया।
जटियाई माता मंदिर में दर्शन, सामुदायिक भवन का भूमिपूजन
इसके बाद विधायक क्षेत्र के प्रसिद्ध जटियाई माता मंदिर, ग्राम जटियातोरा पहुंचे। यहां उन्होंने ज्योत कलश के दर्शन किए और माता के दरबार में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर पांच लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक ने उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को नवरात्र पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए लोगों से आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता बनाए रखने का संदेश दिया।
कोठीगांव में भूमिपूजन, 20 लोगों ने किया कांग्रेस प्रवेश
जटियातोरा के बाद विधायक जनक ध्रुव ग्राम कोठीगांव पहुंचे। यहां पांच लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित टीन शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में 20 लोगों ने कांग्रेस में प्रवेश किया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
रसेला और कुड़ेरादादर को भी मिली विकास कार्यों की सौगात
दौरे के अगले चरण में विधायक ग्राम रसेला पहुंचे। यहां 9 लाख 48 हजार रुपये की लागत से टीन शेड निर्माण कार्य की सौगात दी गई। उन्होंने ग्रामीणों से भेंट-मुलाकात कर स्थानीय समस्याओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की।इसके बाद विधायक ग्राम कुड़ेरादादर पहुंचे, जहां पांच लाख रुपये की लागत से टीन शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्रीय आवश्यकताओं की जानकारी ली।
गांव-गांव में हुआ आत्मीय स्वागत
विधायक जनक ध्रुव के इस दौरे के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन से शुरू हुआ यह दौरा विकास कार्यों के भूमिपूजन और जनसमस्याओं की सुनवाई तक पहुंचा। विशेष रूप से कनसिंघी स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था को लेकर विधायक की नाराजगी और सुधार नहीं होने पर धरने की चेतावनी ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर ध्यान आकर्षित किया।इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




