CM हेल्पलाइन की शिकायत पर एक्शन! अवैध रेत-गिट्टी परिवहन करते 8 ट्रैक्टर जब्त, मालिकों पर होगी कार्रवाई

Spread the love

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही :  मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में मिली शिकायत पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में खनिज विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रेत और गिट्टी परिवहन के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। मैदानी जांच के दौरान टीम ने अवैध रूप से खनिज परिवहन करते 8 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

जिला प्रशासन के मुताबिक कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध खनन, उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना है।

अलग-अलग इलाकों से पकड़े गए ट्रैक्टर

खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच और निगरानी के दौरान वाहनों को पकड़ा। कार्रवाई में ग्राम खंता से रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर, रूमगा से 2, चिचगोहना से 1, कोरजा से 1 और लालपुर से 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया।

इसके अलावा कोटमी से गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर भी पकड़ा गया। इस तरह कुल 8 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ में 14वें मंत्री की नियुक्ति पर फिर घमासान, हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से मांगा 4 हफ्ते में जवाब

थानों और चौकी में रखे गए जब्त वाहन

कार्रवाई के बाद सभी जब्त वाहनों को नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। इनमें 4 ट्रैक्टर गौरेला थाना, 3 ट्रैक्टर कोटमी चौकी और 1 ट्रैक्टर मरवाही थाना में रखा गया है।

वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने प्रकरणों की जांच और आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

CM हेल्पलाइन की शिकायत पर तत्काल एक्शन

जिले में प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसी क्रम में अवैध खनिज परिवहन की शिकायत सामने आने के बाद खनिज विभाग की टीम ने मौके पर जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहनों को तत्काल जब्त कर लिया गया।

अवैध परिवहन पर लगातार नजर

कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, साहिब गनी और सतीश साहू (नगर सैनिक) शामिल रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने खनिज कारोबारियों और वाहन मालिकों से वैध दस्तावेजों के साथ ही खनिज परिवहन करने की अपील की है।

शिकायत से कार्रवाई तक पहुंचा प्रशासनिक तंत्र

CM हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत पर संबंधित विभाग द्वारा जांच कर कार्रवाई किए जाने से प्रशासनिक तंत्र की सक्रियता सामने आई है। प्रशासन का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई से जहां सरकारी राजस्व के संरक्षण में मदद मिलेगी, वहीं खनिज संसाधनों के नियमानुसार उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *