धमतरी में कथित चंगाई सभा को लेकर बवाल, हिंदू जागरण मंच का प्रदर्शन; पुलिस से तीखी नोकझोंक

Spread the love

धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रविवार को कथित चंगाई सभा को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा में एक किराए के मकान में सभा आयोजित किए जाने की सूचना के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

किराए के मकान में सभा की सूचना, मौके पर पहुंचे कार्यकर्ता

जानकारी के मुताबिक, हिंदू जागरण मंच को टिकरापारा स्थित एक किराए के मकान में चंगाई सभा आयोजित किए जाने की सूचना मिली थी। संगठन का आरोप है कि बाहर से 40 से अधिक लोगों को बुलाकर यहां सभा आयोजित की जा रही थी।

सूचना मिलने के बाद संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और सभा का विरोध करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोग भी बाहर आ गए। दोनों तरफ से नारेबाजी होने लगी और स्थिति टकराव तक पहुंच गई।

ये भी पढ़े :CGPSC- DMF घोटाला: ED की 5 दिन की पूछताछ खत्म, सतपाल छाबड़ा और उत्कर्ष चंद्राकर 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल

पुलिस और हिंदू जागरण मंच के बीच भी हुई तीखी बहस

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भी तीखी नोकझोंक हो गई।

हिंदू जागरण मंच ने आरोप लगाया कि चंगाई सभा की आड़ में लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रभावित किया जा रहा है। संगठन का दावा है कि पुलिस से कार्रवाई की मांग के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ी।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच की बात कही है।

इधर, हिंदू जागरण मंच ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *