कबीरधाम टेकेश्वर दुबे : शिक्षक दिवस के अवसर पर कबीरधाम पुलिस ने शिक्षा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से योगदान दे रहे शिक्षकों का सम्मान कर गुरुजनों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी स्कूलों में बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहे शिक्षकों को आमंत्रित कर श्रीफल, शाल और प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति और महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ हुई। इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
गुरुजनों के सम्मान से बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने सभी आमंत्रित शिक्षकों का स्वागत किया और उनके सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों को श्रीफल, शाल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
एसपी ने कहा कि शिक्षक समाज और देश के भविष्य निर्माता होते हैं। वे केवल बच्चों को पढ़ना-लिखना नहीं सिखाते, बल्कि ज्ञान, संस्कार और अनुशासन के जरिए उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जिस समर्पण और सेवाभाव के साथ शिक्षक बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का काम कर रहे हैं, वह सराहनीय और अनुकरणीय है।
अस्थायी स्कूलों में बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी स्कूलों में शिक्षक लगातार बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। इन स्कूलों के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने कहा कि बच्चों को शिक्षा देना सिर्फ पढ़ना-लिखना सिखाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि कबीरधाम पुलिस कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी लगातार प्रयास कर रही है। इस सामाजिक पहल में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
इन शिक्षकों को किया गया सम्मानित
कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी स्कूलों में सेवा दे रहे सतपाल तलवरे, राजू धुर्वे, सुखसिंह, तिलियाबाई, वैसाखिन, कोमल सिंह, नेताम प्रकाश, टेकाम लमिया, मर्सकोले, विजय खूंटे, कुलदीप कुमार मिरावी, अखिल नारायण, धवनीबाई, संतोषी बैगा, नरियारो बैगा, श्रवण सिंह, जगत् खुसरे, मुकेश मस्कोले, सजनू बैगा, दिनेश कुमार, दिलीप कुमार, देवराज मेरावी, तोमेंद्र सिंह, अमृतलाल यादव, केसर मिरावी, चैतू रामधुर्वे, जयराम पोर्ते, धर्म सिंह मिरावी, जगदीश चौधरी और सिद्धराम पाटिल को सम्मानित किया गया।
शिक्षक दिवस पर दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षकों के निरंतर सेवा, समर्पण और प्रेरणादायी योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




