रायपुर: पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों और गंभीर घटनाओं के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने भी अवैध शराब के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है। आबकारी विभाग ने प्रदेशभर में अवैध मदिरा के निर्माण, तस्करी, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सघन जांच अभियान शुरू किया है।
आमजन की सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा ने सभी मैदानी अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। सचिव वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग समीक्षा बैठक के बाद विभाग ने यह अभियान तेज किया है।
रेलवे स्टेशन से बॉर्डर तक 24 घंटे निगरानी
अभियान के तहत प्रदेश के रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों और अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों में वाहनों की 24 घंटे सघन जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ में आने वाली अवैध शराब की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाना है।
हर जिले में बनेगी विशेष टीम
अवैध और जहरीली शराब के कारोबार पर नजर रखने के लिए प्रत्येक जिले में नियमित उड़नदस्ते के अलावा विशेष जांच दल (Special Task Team) गठित किए गए हैं। ये टीमें संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी करने के साथ ही अवैध शराब के निर्माण और सप्लाई नेटवर्क पर कार्रवाई करेंगी।
शराब दुकानों और ढाबों पर भी औचक जांच
देशी और विदेशी मदिरा दुकानों में नॉन-ड्यूटी पेड (NDP), लीकेज और मिलावटी मदिरा की जांच की जा रही है। इसके साथ ही होटल, ढाबों और अवैध अहातों में दबिश देकर शराब की जब्ती की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है।
अवैध कच्ची शराब और स्पिरिट सिंडिकेट पर शिकंजा
आबकारी विभाग ने वनांचलों, नदी-नालों और संदिग्ध इलाकों में अवैध कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ सर्च अभियान शुरू किया है। अवैध स्पिरिट के कारोबार से जुड़े लोगों के साथ-साथ उसके स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई
विभाग ने आम नागरिकों से भी अवैध शराब के कारोबार की सूचना देने की अपील की है। आबकारी विभाग के टोल-फ्री नंबर 14405, ‘मनपसंद ऐप’, समाचार पत्रों और आम नागरिकों से मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
रोज होगी पूरे प्रदेश की मॉनिटरिंग
जिलों और संभागों में चल रही कार्रवाई की दैनिक निगरानी के लिए प्रभारी अधिकारी, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी प्रतिदिन दोपहर 12 बजे तक प्रदेश की समेकित रिपोर्ट आबकारी आयुक्त को सौंपेंगे।
आबकारी आयुक्त ने साफ किया है कि अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी तत्काल 14405 या मनपसंद ऐप के माध्यम से दें। साथ ही नागरिकों से केवल छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित अधिकृत मदिरा दुकानों से ही शराब खरीदने की अपील की गई है।




