भानुप्रतापपुर : छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर में खाली घर से शराब से जुड़े सामान की बरामदगी के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। Royal Stag और RC ब्रांड के ढक्कन, खाली शराब की बोतलें, होलोग्राम और बार कोड मिलने के मामले में आबकारी उप निरीक्षक रानू मरकाम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
कर्तव्य में लापरवाही का आरोप
जानकारी के मुताबिक, आबकारी उप निरीक्षक रानू मरकाम के खिलाफ अपने कार्यक्षेत्र में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता और नियंत्रण में शिथिलता बरतने के आरोप लगाए गए हैं। इन्हीं आरोपों के आधार पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि के दौरान रानू मरकाम को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
खाली घर से मिला था शराब से जुड़ा सामान
बता दें कि भानुप्रतापपुर पुलिस ने हाल ही में एक खाली मकान से बड़ी मात्रा में खाली शराब की बोतलें, पौवे, ढक्कन, होलोग्राम और स्टीकर बरामद किए थे। बरामद सामान में Royal Stag और RC जैसे ब्रांड के ढक्कन भी शामिल बताए गए हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। बरामद सामान का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसे लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग में हड़कंप
पुलिस की बरामदगी के बाद अब आबकारी विभाग की उप निरीक्षक पर हुई कार्रवाई से विभाग में भी हलचल तेज हो गई है। प्रशासन ने कर्तव्य में लापरवाही और प्रभावी नियंत्रण नहीं रख पाने को गंभीरता से लिया है।
फिलहाल मामले में कार्रवाई का सिलसिला जारी है। पुलिस जांच के साथ-साथ विभागीय स्तर पर भी प्रकरण को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में और कार्रवाई या नए खुलासे होने की संभावना बनी हुई है।




