तहसीलदार की कुर्सी पर भरभराकर गिरी छत, रात में हुआ हादसा तो टली बड़ी अनहोनी; दिन में होता तो…

Spread the love

दुर्ग : जिले के पाटन तहसील कार्यालय में उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब तहसीलदार की कुर्सी के ठीक ऊपर छत का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। छत का प्लास्टर टेबल, कंप्यूटर और अन्य सामान पर जा गिरा। गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई, जब कार्यालय में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद नहीं थे। इसके चलते किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

घटना के बाद एहतियात के तौर पर तहसील कार्यालय को दूसरे कमरे में शिफ्ट कर दिया गया है।

दिन में गिरती छत तो हो सकता था बड़ा हादसा

जिस स्थान पर छत का प्लास्टर गिरा, वहां सामान्य दिनों में तहसीलदार समेत अधिकारी-कर्मचारियों की आवाजाही रहती है और राजस्व संबंधी महत्वपूर्ण कामकाज किया जाता है। ऐसे में यदि यह घटना कार्यालयीन समय में होती तो कई अधिकारी-कर्मचारियों के मलबे की चपेट में आने की आशंका थी।

रात के समय घटना होने से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने सरकारी कार्यालय भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।

ये भी पढ़े :जल की हर बूंद बचाने पर CM साय का फोकस, बोले- हर जिले की सर्वोच्च प्राथमिकता बने जल सुरक्षा

सरकारी भवन के रखरखाव पर उठे सवाल

छत का हिस्सा अचानक गिरने की घटना के बाद तहसील कार्यालय भवन के रखरखाव और मरम्मत व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सवाल यह है कि जिस भवन में रोजाना राजस्व विभाग का महत्वपूर्ण कामकाज होता है, उसकी छत और संरचना की समय रहते जांच क्यों नहीं की गई?

यदि भवन की स्थिति पहले से कमजोर थी, तो उसकी मरम्मत या आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पहले क्यों नहीं किए गए? घटना ने सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ वहां पहुंचने वाले आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

तत्काल निरीक्षण और मरम्मत की जरूरत

फिलहाल घटना के बाद कार्यालय को दूसरे कमरे में स्थानांतरित कर दिया गया है। अब जरूरत है कि पूरे तहसील कार्यालय भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए और जहां भी संरचनात्मक कमजोरी सामने आए, वहां समय रहते मरम्मत कराई जाए।

हादसा भले ही रात में होने के कारण टल गया, लेकिन तहसीलदार की कुर्सी के ऊपर छत का हिस्सा गिरना सरकारी भवनों के रखरखाव को लेकर एक गंभीर चेतावनी जरूर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *