बिलासपुर से दिल्ली जा रहे विमान में बड़ा हादसा टला, हवा में फेल हुआ इंजन; 54 यात्री सुरक्षित

Spread the love

  कविता राजपूत, बिलासपुर : बिलासपुर से दिल्ली जा रहे अलायंस एयर के विमान में शुक्रवार को उड़ान के दौरान एक इंजन फेल होने से हड़कंप मच गया। विमान में क्रू सदस्यों समेत कुल 54 लोग सवार थे। तकनीकी खराबी का पता चलते ही पायलट ने तत्काल एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई। पायलट और एटीसी के बीच समन्वय के बाद विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।

मेरठ के आसपास आई तकनीकी खराबी

जानकारी के मुताबिक, अलायंस एयर का विमान शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। प्रयागराज पहुंचने के बाद विमान ने दोपहर करीब 12:33 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

इसी दौरान मेरठ के आसपास विमान में तकनीकी खराबी महसूस हुई और एक इंजन के फेल होने की जानकारी सामने आई। पायलट ने बिना देर किए एटीसी से संपर्क किया और विमान की आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी।

ये भी पढ़े :शासकीय जमीन पर कब्जा और निर्माण पर तहसीलदार का बड़ा आदेश, 7 दिन में खुद हटाना होगा अतिक्रमण

दिल्ली एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी

पायलट की सूझबूझ और एटीसी के समन्वय से विमान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। विमान ने करीब 2:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।

विमान के सुरक्षित उतरते ही उसमें सवार यात्रियों और क्रू सदस्यों को बाहर निकाला गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

DGCA ने दिए जांच के आदेश

घटना को गंभीरता से लेते हुए विमानन नियामक डीजीसीए (DGCA) ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि विमान में तकनीकी खराबी किस वजह से आई और एक इंजन के फेल होने के पीछे वास्तविक कारण क्या था।

फिलहाल विमान से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना में सभी यात्रियों और क्रू के सुरक्षित रहने से एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के अहम तथ्य

एयरलाइन: अलायंस एयर

रूट: बिलासपुर → प्रयागराज → दिल्ली

सवार: 54 यात्री/क्रू

खराबी: उड़ान के दौरान एक इंजन फेल

स्थान: मेरठ के आसपास

लैंडिंग: दिल्ली IGI एयरपोर्ट

लैंडिंग समय: करीब 2:15 बजे

स्थिति: सभी सुरक्षित

जांच: DGCA ने दिए आदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *