बिलासपुर: कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। बैज ने दावा किया कि भाजपा के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और कई नाराज नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी में कई बड़े नेताओं की एंट्री होगी और अभी कई सियासी धमाके देखने को मिलेंगे।
दीपक बैज ने कहा, “बीजेपी के नाराज फूफा हमारे संपर्क में हैं। मंत्री खुशवंत साहेब के भाई कांग्रेस में शामिल हुए हैं। ये तो शुरुआत है, समय आने दीजिए, कई लोग पार्टी में शामिल होंगे। अभी कई बड़े धमाके होंगे।”
कांग्रेस छोड़कर BJP में गए नेताओं पर भी साधा निशाना
बैज ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए ये नेता उनके साथ चलते थे, लेकिन भाजपा में जाने के बाद पीछे की लाइन में भी नजर नहीं आते।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जाती, जबकि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। बैज ने दावा किया कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए कई नेता अब वापस आने के लिए लाइन में हैं।
‘मुख्यमंत्री को आदिवासी नहीं मानते’, CM साय पर टिप्पणी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को लेकर भी दीपक बैज ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को आदिवासी नहीं मानती, बल्कि उन्हें वनवासी मानती है। बैज ने कहा कि यदि वे आदिवासी होते तो विश्व आदिवासी दिवस पर लोगों को बधाई देते।
जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर सरकार को घेरने का ऐलान
प्रदेश की खनिज संपदा और कोल ब्लॉक के मुद्दे पर भी बैज ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने सरकार पर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर कांग्रेस आने वाले समय में बड़ी लड़ाई लड़ेगी।
हाथी-मानव संघर्ष और पर्यावरण के मुद्दे को लेकर भी उन्होंने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
शराब सिंडिकेट को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप
शराब के मुद्दे पर दीपक बैज ने नकली शराब, होलोग्राम और पैकिंग को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने प्रदेश में शराब सिंडिकेट संचालित होने का दावा करते हुए सरकार से पूछा कि इस पूरे नेटवर्क से निकलने वाला पैसा और कमीशन आखिर कहां तक पहुंच रहा है।
‘रील बना रहे, डांस कर रहे…’ BJP पर बैज का तंज
बैज ने कहा कि भाजपा अब युवाओं, खासकर जेन जी को साधने की कोशिश कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के पास छत्तीसगढ़ में बताने के लिए कोई काम नहीं है, इसलिए रील बनाई जा रही हैं और डांस किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2028 के बाद भाजपा के पास कोई काम नहीं रहेगा।
‘CM कौन होगा, यह सवाल नहीं; सरकार को उखाड़ना है’
आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इस सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि असली सवाल मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह नहीं है। सवाल यह है कि छत्तीसगढ़ को बेचने वाली सरकार को कैसे उखाड़ फेंका जाए।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं में एकजुटता का दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता एक गाड़ी में बैठकर साथ जाते हैं। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि उसके बड़े नेता आपस में एक गाड़ी में कब बैठेंगे।
2028 के लिए कांग्रेस का रोडमैप तैयार
2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बैज ने कहा कि कांग्रेस ने अपना रोडमैप तैयार कर लिया है। किसान, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय निकायों की स्थिति जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार सरकार को घेर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अर्जुन बनकर निकलेगा और उसका निशाना मछली की आंख पर होगा।
तीन दिन के शिविर को बताया ‘अमृत मंथन’
बिलासपुर में आयोजित तीन दिवसीय संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर को लेकर बैज ने कहा कि इसमें आगामी चुनाव की रणनीति, संगठन को मजबूत करने और सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारियों पर विस्तार से मंथन हुआ।
उन्होंने शिविर को लेकर कहा, “मंथन में विष की एक बूंद भी नहीं निकली, तीन दिन तक अमृत निकला।”




