200 करोड़ पार ‘हनुमान अंश’, 2 करोड़ के बजट वाली फिल्म ने रचा बड़ा रिकॉर्ड; ‘हैवान’ और ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ को छोड़ा पीछे

Spread the love

मुंबई :  नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक शिक्षाओं पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। खास बात यह है कि अक्षय कुमार की ‘हैवान’ और मनोज बाजपेयी स्टारर ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ जैसी नई फिल्मों की रिलीज के बाद भी ‘हनुमान अंश’ की कमाई की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही।

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस आध्यात्मिक ड्रामा फिल्म ने रिलीज के 36वें दिन यानी शुक्रवार, 11 सितंबर को 10.50 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने इस दिन 5,743 शो में करीब 38 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की।

205 करोड़ के पार पहुंचा कुल ग्रॉस कलेक्शन

36वें दिन की कमाई के साथ ‘हनुमान अंश’ का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 205.15 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं फिल्म की घरेलू नेट कमाई करीब 173.63 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। शुरुआती दौर में धीमी शुरुआत के बावजूद फिल्म ने बाद के हफ्तों में जबरदस्त रफ्तार पकड़ी और अब यह साल की चर्चित बॉक्स ऑफिस सफल फिल्मों में शामिल हो गई है।

‘हैवान’ और ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ की धीमी शुरुआत

नई रिलीज फिल्मों के मुकाबले ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन बेहद मजबूत नजर आ रहा है। अक्षय कुमार स्टारर ‘हैवान’ ने शुक्रवार को 7,224 शो से करीब 3 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म की पहले दिन की ऑक्यूपेंसी करीब 11 प्रतिशत रही।

वहीं मनोज बाजपेयी की ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ को समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत मिली। फिल्म ने शुक्रवार को करीब 3 लाख रुपये का कारोबार किया।

पहले दिन सिर्फ 10 लाख, अब 200 करोड़ के पार

‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि फिल्म ने पहले दिन महज 10 लाख रुपये की कमाई की थी। रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म का कुल कारोबार सिर्फ 1.48 करोड़ रुपये रहा।

इसके बाद दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा और सकारात्मक प्रतिक्रिया बढ़ने लगी और कमाई में लगातार इजाफा हुआ। रिलीज के 16वें दिन के बाद फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। तीसरे, चौथे और पांचवें सप्ताह में फिल्म ने उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया।

फिल्म ने चौथे सप्ताह में करीब 61 करोड़ रुपये और पांचवें सप्ताह में लगभग 90 करोड़ रुपये का कारोबार किया। छठे सप्ताह में भी कमाई का सिलसिला जारी रहा और 11 सितंबर को फिल्म ने 10.50 करोड़ रुपये की कमाई कर एक और मजबूत आंकड़ा दर्ज किया।

विदेशों में भी बढ़ी फिल्म की मांग

‘हनुमान अंश’ को विदेशों में भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में प्री-सेल्स से करीब 95 लाख रुपये जुटाए हैं। फिल्म को विदेशों में 11 सितंबर को रिलीज किया गया।

कम बजट, बेहद धीमी शुरुआत और बाद में लगातार बढ़ती कमाई ने ‘हनुमान अंश’ को बॉक्स ऑफिस की उन फिल्मों में शामिल कर दिया है, जिसने दर्शकों की पसंद के दम पर अपनी किस्मत बदल दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *