17 सितंबर को भद्रकाली माता मंदिर परिसर में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल होंगे मुख्य अतिथि।
बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के गौरवमयी अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक *सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
इसी तारतम्य में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन भद्रकाली माता मंदिर परिसर, बेमेतरा में किया जाएगा।
यह गरिमामय कार्यक्रम छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा।
जिला प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर में 5000 दीयों के भव्य दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी की गई है। साथ ही जिले की सभी 336 ग्राम पंचायतों, सभी शासकीय भवनों, सभी अमृत सरोवरों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, नगरीय निकायों एवं चिन्हांकित 27 ग्राम पंचायतों के प्रत्येक घर में भी एक साथ दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। जिले में 6 लाख से अधिक दिए प्रज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित है।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने समस्त जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जिले वासियों से इस पुण्य कार्यक्रम में सहभागी बनकर अपने घरों में भी आशीर्वाद का दिया प्रज्ज्वलित करने की अपील की है।




