खैरागढ़ : क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने खैरागढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और ग्रामीण राजपूत भवन से रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां कलेक्ट्रेट के सामने धरना देकर जमकर नारेबाजी की गई और क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल-कॉलेज, आंगनबाड़ी और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। रैली और धरने के कारण खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिससे सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।
गांवों की समस्याओं को लेकर विधायक ने उठाई आवाज
विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उन्होंने खराब सड़कों और पुल-पुलियों की स्थिति का मुद्दा उठाते हुए इनके जल्द निराकरण की मांग की।
इसके साथ ही मूड़ीपार कॉलेज के संचालन और ठेकाडीह में स्कूल-कॉलेज के लिए नए भवन निर्माण की मांग भी प्रदर्शन के दौरान प्रमुखता से उठाई गई। विधायक ने कहा कि इन विषयों को पहले भी सदन और विभिन्न मंचों पर उठाया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
किसानों की समस्याओं पर भी सरकार को घेरा
कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। खाद और बिजली की बढ़ती लागत, किसानों के मुआवजे और बीमा राशि से जुड़े मामलों के अलावा सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित होने का मुद्दा भी उठाया गया।
विधायक का कहना है कि इन समस्याओं का सीधा असर किसानों की खेती और उनकी आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की।
ये भी पढ़े :फिल्मों की सेंसर टीम बदली, CBFC के नए बोर्ड में बड़े सितारों की एंट्री; देखें पूरी सूची
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद विधायक हर्षिता स्वामी बघेल और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा ने कांग्रेस प्रतिनिधियों से ज्ञापन लिया।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, राज्य शासन से संबंधित विषयों को शासन स्तर पर भेजे जाने की बात कही गई।
प्रदर्शन के चलते यातायात प्रभावित
राजपूत भवन से शुरू हुई कांग्रेस की रैली कलेक्ट्रेट पहुंची। कलेक्ट्रेट के सामने कार्यकर्ताओं ने धरना देकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की कतार लग गई।
कांग्रेस ने ज्ञापन के जरिए क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की मांग प्रशासन के सामने रखी है। अब इन मांगों पर जिला प्रशासन और शासन स्तर से क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।




