बलरामपुर : बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और डायल 112 वाहन दुर्घटना के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभागीय जांच के बाद पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
मामला वाड्रफनगर चौकी और बसंतपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। घटना 7 जुलाई 2026 की रात की है, जब आरक्षक संजय मारकण्डे की ड्यूटी डायल 112 वाहन क्रमांक CG 03 A-2749 में लगाई गई थी।
इवेंट की सूचना पर निकले थे, कुछ मिनट बाद हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11:40 बजे डायल 112 टीम को एक इवेंट की सूचना मिली। इसके बाद आरक्षक संजय मारकण्डे और वाहन चालक ओमप्रकाश यादव ग्राम सिवरी बरतीकला की ओर रवाना हुए।
इसी दौरान करीब 11:45 बजे वाड्रफनगर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर न्यू पंचवटी ढाबा के आगे डायल 112 वाहन की सामने से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक UP-64 CT-1055 से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में डायल 112 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि
हादसे के बाद आरक्षक और वाहन चालक के व्यवहार एवं हाव-भाव को देखते हुए उनके शराब के नशे में होने की आशंका जताई गई। इसके बाद दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट में आरक्षक संजय मारकण्डे और वाहन चालक के ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
विभागीय जांच में गंभीर लापरवाही सामने आई
मामले की विभागीय जांच में ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में रहने और इसके कारण डायल 112 वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की बात प्रमाणित हुई। विभाग ने इसे ड्यूटी के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और गंभीर कदाचरण माना।
जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर ने 19 सितंबर 2026 को आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे को पुलिस सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को ड्यूटी के दौरान अनुशासन और जिम्मेदारी के प्रति सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है।




