छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, 19 सितंबर से तेज होगी बारिश; इन 7 जिलों में यलो अलर्ट

Spread the love

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां धीमी पड़ने के साथ तापमान में बढ़ोतरी का दौर जारी है। राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पिछले दिन की तुलना में करीब 1 डिग्री अधिक रहा। बढ़ते तापमान के चलते लोगों को दिनभर उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत दिए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश की रफ्तार बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में बादल गरजने और बिजली चमकने की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। इस अवधि में प्रदेश में वर्षा सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम रही।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 18 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

कई इलाकों में बारिश के आसार

शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं।

बिलासपुर में सबसे ज्यादा तापमान

प्रदेश में गुरुवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

ये भी पढ़े :Radha Ashtami 2026: 18 या 19 सितंबर, कब मनाई जाएगी राधा अष्टमी? जानें सही तारीख और पूजा मुहूर्त

19 सितंबर के बाद बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक मौजूदा मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। विशेष रूप से 19 सितंबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इसके बाद यह सिस्टम धीरे-धीरे मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से संबंधित क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

इन 7 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और उत्तर बस्तर कांकेर में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *