एमसीबी : दीपावली पर्व से पहले मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी क्षेत्र में 30 और 31 अक्टूबर 2026 को मिठाई दुकानों, होटलों और खोवा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान पांच प्रतिष्ठानों से मिठाई और खोवा के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजे गए हैं।
नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक अग्रवाल के निर्देश पर प्रदेशभर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। जिले में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में विभागीय टीम खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविकांत गुप्ता और उनकी टीम ने निरीक्षण के दौरान अलग-अलग दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए। इनमें बीकानेर स्वीट्स से बेसन लड्डू और सोनपापड़ी, केरला होटल से चमचम, बिज्जू होटल से खोवा, राहुल मिष्ठान भंडार से खोवा और रसगुल्ला तथा पटेल स्वीट्स से मगज लड्डू के नमूने शामिल हैं।
विभाग के मुताबिक, सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में जारी रहेगा जांच अभियान
दीपावली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सामग्री की शुद्धता और गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से विभाग ने निरीक्षण अभियान जारी रखने की बात कही है। आने वाले दिनों में मिठाई दुकानों, होटलों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी।
फिलहाल संकलित नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




