3 साल से अधूरा अंडरब्रिज, 50 हजार लोग परेशान; राजनांदगांव में रेलवे की लेटलतीफी पर उठे सवाल

Spread the love

राजनांदगांव : राजनांदगांव में गौरीनगर और रेलवे स्टेशन अंडरब्रिज का निर्माण तय समयसीमा गुजरने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। करीब एक साल में पूरा होने वाले इन दोनों अंडरब्रिज का काम शुरू हुए लगभग तीन साल बीत चुके हैं। निर्माण अधूरा होने के कारण पटरीपार क्षेत्र में रहने वाले 50 हजार से अधिक लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है और इसे लेकर कई बार आंदोलन भी किए जा चुके हैं। वहीं रेलवे की ओर से अब निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा करने का दावा किया जा रहा है।

2024 में पूरी होनी थी परियोजना

गौरीनगर और स्टेशनपारा अंडरब्रिज के निर्माण के चलते पटरीपार क्षेत्र के लोगों की आवाजाही प्रभावित है। दोनों अंडरब्रिज के निर्माण की समयसीमा वर्ष 2024 निर्धारित की गई थी, लेकिन बार-बार काम रुकने और निर्माण में देरी के चलते परियोजना अब तक पूरी नहीं हो सकी है।

अंडरब्रिज का काम अधूरा होने से वाहन चालकों के सामने फिलहाल ओवरब्रिज से आवाजाही करना ही प्रमुख विकल्प है। इससे ओवरब्रिज पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है और रोजाना जाम की स्थिति बन रही है।

ओवरब्रिज पर बढ़ा वाहनों का दबाव

रेलवे स्टेशन अंडरब्रिज का निर्माण पूरा नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में वाहन ओवरब्रिज से गुजर रहे हैं। लगातार बढ़ते यातायात दबाव और दुर्घटना की स्थिति को देखते हुए बीच में डिवाइडर भी बनाया गया है। इसके बावजूद दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों के कारण जाम की समस्या बनी रहती है।

खासकर भारी वाहनों के बीच दोपहिया वाहन चालकों को भीड़भाड़ वाले रास्ते से गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद ओवरब्रिज पर यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

ये भी पढ़े :PDS में बड़ा खेल! 1200 क्विंटल से ज्यादा राशन गायब, फरार आरोपी गिरफ्तार

रेलवे क्रॉसिंग पर रुकने से भी मिलेगी राहत

अंडरब्रिज बनने से पटरीपार क्षेत्र के लोगों को रेलवे क्रॉसिंग से होकर गुजरने की जरूरत कम होगी। ट्रेनों की आवाजाही के दौरान क्रॉसिंग पर वाहनों के रुकने से होने वाली परेशानी भी कम होने की उम्मीद है। इससे लोगों के समय की बचत के साथ आवागमन भी सुगम हो सकेगा।

हालांकि, निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं होने के बाद अब रेलवे की ओर से दिसंबर 2026 तक निर्माण पूरा करने की बात कही जा रही है। निर्माण में देरी के बावजूद ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

कौन-कौन से तकनीकी काम बाकी?

नागपुर रेलवे जोन के निर्माण विभाग के अनुसार, अंडरब्रिज परियोजना में अभी कई तकनीकी कार्य बाकी हैं। इनमें पटरी के बीच से गुजर रही पाइपलाइन की शिफ्टिंग, बिजली और इंटरनेट लाइन, सिग्नल पाइप की शिफ्टिंग तथा सुरंग पुशिंग जैसे काम शामिल हैं।

रेलवे का कहना है कि इन तकनीकी कार्यों को पूरा करने के बाद अंडरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

हालांकि, निर्माण कार्य के बीच-बीच में रुकने से निर्धारित समयसीमा को लेकर स्थानीय लोगों में अभी भी संशय बना हुआ है। लोगों की मांग है कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर अंडरब्रिज को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि पटरीपार क्षेत्र की बड़ी आबादी को आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *