रायपुर : छत्तीसगढ़ में वक्फ बोर्ड की संपत्तियों पर अवैध कब्जे और फर्जी रजिस्ट्रियों को लेकर राज्य वक्फ बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि 23 जनवरी के बाद वक्फ संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। साथ ही फर्जी तरीके से कराई गई रजिस्ट्रियों को भी शून्य करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
डॉ. सलीम राज के मुताबिक, अब तक 418 लोगों को छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड की ओर से नोटिस जारी किया जा चुका है। इनमें ऐसे मामले शामिल हैं, जिनमें वक्फ संपत्तियों की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री कराई गई है। उन्होंने बताया कि संबंधित रजिस्ट्रारों को भी इस संबंध में निर्देशित किया गया है। 23 जनवरी के आसपास इन मामलों में कार्रवाई कर ऐसी रजिस्ट्रियों को शून्य कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
अतिक्रमणकारियों को अंतिम नोटिस
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि संपत्तियों पर कब्जा करने वालों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें अंतिम नोटिस देकर कब्जा खाली करने कहा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि सदर बाजार और तात्यापारा सहित प्रदेश के कुछ अन्य इलाकों में वक्फ की संपत्तियां खाली कराई गई है। भाटगांव के आसपास भी एक संपत्ति खाली कराई गई है, जबकि एक अन्य संपत्ति को खाली कराने की प्रक्रिया जारी है।
वक्फ की जमीन पर अस्पताल बनाने की तैयारी
डॉ. सलीम राज ने बताया कि खाली कराई गई संपत्तियों का उपयोग जनहित के कार्यों में करने की योजना है। धमतरी में अस्पताल का काम कराया जा रहा है, वहीं रायपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में लड़कियों के लिए 50 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण भी कराया जा रहा है।
नियमितीकरण का मिलेगा अवसर
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि 23 जनवरी अंतिम तारीख निर्धारित की गई है। इसके बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले अतिक्रमण हटाने और फिर संबंधित मामलों में नियमानुसार नियमितीकरण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। यदि संबंधित लोग इसके लिए तैयार नहीं होते हैं तो संपत्तियां खाली कराई जाएंगी। सलीम राज ने कहा कि जिस तरह केंद्रीय गृहमंत्री तारीख तय कर कार्रवाई करते हैं उसी तरह छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड भी 23 जनवरी के बाद अतिक्रमण के मामलों में कार्रवाई करेगा।




