गरियाबंद में 1.64 क्विंटल गांजा और 50 नशीली टेबलेट नष्ट, सिलतरा में हुई कार्रवाई

Spread the love

गरियाबंद : जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने जब्त गांजा और नशीली टेबलेट का विधिवत नष्टीकरण कराया। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश के पालन में 18 सितंबर 2026 को गरियाबंद जिले के विभिन्न थानों में दर्ज 12 प्रकरणों से जब्त मादक पदार्थों को रायपुर के सिलतरा स्थित नारकोटिक डिस्पोजल केंद्र भेजा गया।

इनमें 11 प्रकरणों में कुल 1 क्विंटल 64.919 किलोग्राम गांजा तथा पाण्डुका थाना क्षेत्र के एक प्रकरण में जब्त 50 नग नशीली टेबलेट शामिल थीं। ड्रग्स डिस्पोजल समिति के समक्ष पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार सभी मादक पदार्थों का विधि पूर्वक नष्टीकरण किया गया।

पुलिस के अनुसार गांजा जब्ती से जुड़े प्रकरणों में सिटी कोतवाली गरियाबंद का 1, मैनपुर के 2, देवभोग के 2, पाण्डुका का 1, राजिम के 2 और फिंगेश्वर के 3 प्रकरण शामिल हैं। इन सभी मामलों में जब्त गांजे का कुल वजन 1 क्विंटल 64.919 किलोग्राम रहा।

ये भी पढ़े :शराब तस्करी केस में शिक्षक पर गिरी गाज, DEO ने संकुल समन्वयक को किया निलंबित

इस कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक गरियाबंद वेदव्रत सिरमौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करण कुमार उइके और पुलिस अधीक्षक गरिमा दादर के निर्देश पर डीसीबी/डीसीआरबी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक टूकान लाल नवरत्न को नामांकित किया गया था। उनके द्वारा जब्त मादक पदार्थों को नष्टीकरण के लिए नारकोटिक डिस्पोजल केंद्र सिलतरा, रायपुर ले जाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब्त मादक पदार्थों के नष्टीकरण की कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया और पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *