गरियाबंद में तीन सामुदायिक भवनों का भूमिपूजन, 30 लाख रुपये होंगे खर्च

Spread the love

गरियाबंद :  राजिम विधायक रोहित साहू ने गुरुवार को गरियाबंद नगर में तीन सामुदायिक भवनों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। दर्रापारा में पेंशनर समाज, डाकबंगला वार्ड में बौद्ध महर समाज और इंडोर स्टेडियम परिसर में राजमिस्त्री संघ के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। तीनों भवनों के लिए 10-10 लाख रुपये, यानी कुल 30 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।

भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने कहा कि सामुदायिक भवन समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होंगे। इन भवनों के निर्माण से संबंधित समाजों को विभिन्न आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

इंडोर स्टेडियम परिसर में राजमिस्त्री संघ के सामुदायिक भवन के भूमिपूजन के बाद विधायक साहू ने भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की और समाज के लोगों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।

गरीब के घर से देश के निर्माण तक विश्वकर्मा समाज का योगदान

विधायक रोहित साहू ने कहा कि हर युग में निर्माण कार्यों में भगवान विश्वकर्मा का विशेष महत्व रहा है। आज राजमिस्त्री संघ भगवान विश्वकर्मा के प्रतिनिधि के रूप में देश के निर्माण और नवनिर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीब के घर से लेकर समाज के लिए जरूरी भवनों और अन्य व्यवस्थाओं के निर्माण तक विश्वकर्मा समाज का योगदान अहम है।

उन्होंने विश्वकर्मा समाज को मेहनतकश और प्रतिभावान बताते हुए कहा कि समाज के लोग अपने श्रम और हुनर के जरिए विकास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

विधायक ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। देश के विकास और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने समाज के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।

ये भी पढ़े :गरियाबंद में 1.64 क्विंटल गांजा और 50 नशीली टेबलेट नष्ट, सिलतरा में हुई कार्रवाई

पेंशनर समाज के अनुभवों से नई पीढ़ी को मिल रहा मार्गदर्शन

इससे पहले पेंशनर समाज के सामुदायिक भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक साहू ने कहा कि समाज के सदस्यों ने सेवानिवृत्ति से पहले शासकीय सेवा के माध्यम से देश और समाज की सेवा की। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहकर अपना योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पेंशनर समाज के सदस्यों का अनुभव समाज की महत्वपूर्ण पूंजी है और वे अपने अनुभवों के माध्यम से नई पीढ़ी का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, आशीष शर्मा, आईटी सेल संभाग प्रभारी सागर मयाणी, गरियाबंद मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, धनराज विश्वकर्मा, नपा सभापति रेणुका साहू, सूरज सिन्हा, पार्षद पुष्पा साहू, मंडल महामंत्री प्रह्लाद ठाकुर, प्रतीक तिवारी, पंकज निर्मलकर, नंदकिशोर चौबे, संजू साहू, प्रतीक सिंह, वैश्य राठौर, अमित बखारिया, दीपक साहू सहित जनप्रतिनिधि और समाज के लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *