जांजगीर में अनिरुद्धाचार्य महाराज की कथा के बीच साइबर ठगी पर चर्चा, SP ने पूछा ये सवाल

Spread the love

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह में प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज की नौ दिवसीय कथा चल रही है। कथा में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी बीच शनिवार को कथा के दौरान साइबर और ऑनलाइन ठगी का मुद्दा भी सामने आया। जांजगीर-चांपा के एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने अनिरुद्धाचार्य महाराज से ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों और इससे बचाव को लेकर सवाल किया।

एसपी ने पूछा कि लगातार ऑनलाइन ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे मामलों से बचने के लिए लोगों को क्या उपाय करना चाहिए? इस पर अनिरुद्धाचार्य महाराज ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ठगी होती है तो उसे बिना देरी किए 1930 पर कॉल कर इसकी जानकारी देनी चाहिए। इसके साथ ही संबंधित थाने में भी मामले की शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल

कथा के दौरान दिए गए इस संदेश का उद्देश्य लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना था। ऑनलाइन ठगी की स्थिति में समय पर शिकायत करने को महत्वपूर्ण बताया गया, ताकि पीड़ित व्यक्ति मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सके।

जांजगीर-चांपा पुलिस की ओर से भी लगातार साइबर अपराधों से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कथा के दौरान अनिरुद्धाचार्य महाराज से यह सवाल किया, ताकि कथा में मौजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंच सके।

ये भी पढ़े :महानदी जल विवाद पर बड़ी खबर, CM साय बोले- बहुत जल्द निकल सकता है समाधान

रोजाना करीब एक लाख लोग पहुंच रहे कथा सुनने

बम्हनीडीह में चल रही अनिरुद्धाचार्य महाराज की नौ दिवसीय कथा में रोजाना करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए हैं।

कथा स्थल और आसपास आने-जाने वाले लोगों पर पुलिस की नजर है। संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया है।

साइबर जागरूकता अभियान पर पुलिस का जोर

छत्तीसगढ़ में साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी को लेकर पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल या संदेश से सावधान रहने और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी जाती है।

जांजगीर-चांपा में कथा के दौरान एसपी का सवाल और अनिरुद्धाचार्य महाराज का जवाब इसी साइबर जागरूकता अभियान का हिस्सा रहा, जिससे बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं तक ऑनलाइन ठगी से बचाव का संदेश पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *