सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला अपने घर से महुआ शराब बेचने का कारोबार कर रही थी। शिकायत मिलने के बाद आबकारी टीम ने पहले छद्म ग्राहक भेजकर शराब खरीदी और बिक्री की पुष्टि होने पर उसके घर दबिश दी। इस दौरान 6 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कलेक्टर के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। ग्राम परसदाखुर्द, थाना सक्ती निवासी गीताबाई लहरे (44 वर्ष), पति कृष्णोलाल के खिलाफ अपने घर से महुआ शराब बेचने की शिकायत मिली थी।
छद्म ग्राहक बनकर पहुंची आबकारी टीम
शिकायत की जांच के लिए आबकारी विभाग ने पहले छद्म खरीददार के माध्यम से शराब खरीदवाई। शराब की बिक्री की पुष्टि होने के बाद टीम ने वार्ड क्रमांक 17, परसदाखुर्द स्थित महिला के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान घर की बाड़ी में रखे एक झोले से तीन हरे रंग की प्लास्टिक बोतलें बरामद हुईं। प्रत्येक बोतल में 2 लीटर महुआ शराब भरी हुई थी। इस तरह आबकारी टीम ने कुल 6 लीटर महुआ मदिरा जब्त की।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज, महिला जेल दाखिल
अवैध रूप से 6 लीटर महुआ शराब रखने और बिक्री के मामले में गीताबाई लहरे के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने पर उसे जेल दाखिल कराया गया।
इन अधिकारियों-कर्मचारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल और आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, आबकारी आरक्षक श्रवण द्विवेदी, नगर सैनिक वीरेंद्र यादव और भीम साहू सहित आबकारी स्टाफ परसराम, कमलेश और बसंती चौधरी का सराहनीय योगदान रहा।




