जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में रविवार देर शाम दो गुटों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। नया बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास हुई चाकूबाजी में 27 वर्षीय युवक मोनू की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
शराब दुकान के पास हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, घटना नया बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास हुई। यहां दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया।
इसी दौरान मोनू के पेट में चाकू लग गया। गंभीर चोट के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ये भी पढ़े :आयुष्मान आरोग्य मंदिर मोढ़े में वर्चुअल NQAS मूल्यांकन सफलतापूर्वक संपन्न
वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही विवाद की शुरुआत कैसे हुई और वारदात के समय कौन-कौन लोग मौजूद थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
सीएसपी सुमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों के साथ ही विवाद में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।




