बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : बेमेतरा जिले में गुणवत्तापूर्ण एवं जन-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में बेमेतरा विकासखण्ड सेक्टर छिरहा अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर मोढ़े में दिनांक 19 सितंबर 2026 को वर्चुअल NQAS (National Quality Assurance Standards) मूल्यांकन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह मूल्यांकन स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुरक्षा, रिकॉर्ड एवं दस्तावेजीकरण, संक्रमण नियंत्रण, उपलब्ध संसाधनों तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों का आकलन करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा।
इस वर्चुअल NQAS मूल्यांकन के दौरान NQAS मूल्यांकन कर्ता मो.मैनुद्दीन शेख एवं श्रीमती जयप्रदा गुंडापुनेनी द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर मोढ़े की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं गुणवत्ता मानकों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, सेवा प्रदायगी, रिकॉर्ड संधारण, दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता, संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता, मरीजों की सुविधा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से संबंधित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
इस महत्वपूर्ण मूल्यांकन में आयुष्मान आरोग्य मंदिर मोढ़े की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुश्री जागृति पटेल एवं ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक श्री कामेश्वर राजवाड़े ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए आवश्यक दस्तावेज, रजिस्टर, रिकॉर्ड एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी मूल्यांकन टीम के समक्ष प्रस्तुत की। टीम द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप केंद्र की कार्यप्रणाली को प्रस्तुत करने में दोनों स्वास्थ्यकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
ये भी पढ़े :वनांचल क्षेत्र रानीदाहरा में खेल के मैदान से साइबर सुरक्षा का संदेश
वर्चुअल NQAS मूल्यांकन को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में बेमेतरा जिले के आंतरिक मूल्यांकन कर्ता श्री डोमन लाल यादव एवं श्री चिंताराम साहू का भी विशेष सहयोग रहा। उनके मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग एवं पूर्व तैयारी से मूल्यांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से पूरा करने में सहायता मिली।
इस अवसर पर जिला स्तर से जिला RMNCH समन्वयक श्रीमती हिना वर्मा एवं श्री राहुल राय की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शरद कोहाड़े की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन ने इस पूरी प्रक्रिया को और अधिक महत्वपूर्ण बनाया।
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से जुड़े सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक भी उपस्थित रहे। इनमें हेमराज (CHO, नागपुरा), सुश्री रेणुका साहू (CHO, नवागांवकला), श्री मुकुल आनंद (CHO, कुरदा), श्री देवेंद्र कुमार वर्मा (CHO, पछभैया), श्री होमेश नेताम (RHO, पछभैया) एवं श्री लोचन सोनी (RHO, नवागांवकला) सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सहभागिता रही।
गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
सीएमएचओ डॉ शरद कोहlड़े ने जानकारी दी कि NQAS मूल्यांकन केवल किसी स्वास्थ्य केंद्र के दस्तावेजों या भौतिक सुविधाओं का आकलन नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य सेवाओं को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित, व्यवस्थित, जवाबदेह एवं मरीज-केंद्रित बनाने की दिशा में निरंतर सुधार की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्तर पर NQAS के मानकों को अपनाने से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली जनता को बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है।
पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम
इस अवसर पर उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि NQAS जैसी गुणवत्ता मूल्यांकन प्रक्रिया किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं बल्कि पूरी स्वास्थ्य टीम, विभागीय अधिकारियों एवं समुदाय के सामूहिक प्रयास का परिणाम होती है। निरंतर गुणवत्ता सुधार, टीमवर्क एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने से ही स्वास्थ्य संस्थानों में सेवा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सकता है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर मोढ़े में संपन्न हुआ यह वर्चुअल NQAS मूल्यांकन जिले में गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता की संस्कृति विकसित करने तथा ग्रामीण जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




