एंटरटेनमेंट डेस्क : तेलुगु सिनेमा के नेचुरल स्टार नानी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘द पैराडाइज’ सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच काफी चर्चा है। फिल्म के टीजर, गानों और नानी के अलग अंदाज ने पहले ही लोगों का ध्यान खींच लिया है।
अब फिल्म की रिलीज से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने ‘द पैराडाइज’ को A सर्टिफिकेट दिया है। इसका मतलब है कि सिनेमाघरों में फिल्म को केवल वयस्क दर्शक ही देख सकेंगे।
2 घंटे 49 मिनट की होगी ‘द पैराडाइज’
रिपोर्ट के मुताबिक, नानी की यह फिल्म करीब 2 घंटे 49 मिनट लंबी होगी। फिल्म को रिलीज से तीन दिन पहले सेंसर सर्टिफिकेट मिला है। खास बात यह है कि ‘द पैराडाइज’ पहले दो बार पोस्टपोन हो चुकी है।
अब मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट को लेकर स्थिति साफ कर दी है। फिल्म 24 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। हाल ही में फिल्म के दोबारा पोस्टपोन होने की चर्चाएं सामने आई थीं, जिसके बाद मेकर्स ने पोस्टर जारी कर स्पष्ट किया कि फिल्म तय तारीख पर ही रिलीज होगी।
‘पैन इंडिया’ टैग को लेकर नानी ने उठाया सवाल
फिल्म के प्रमोशन के दौरान नानी ने ‘पैन इंडिया’ फिल्मों को लेकर भी अपनी राय रखी। चेन्नई में एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान उन्होंने सवाल उठाया कि दक्षिण भारतीय फिल्मों को देशभर में सफल होने के बाद ‘पैन इंडिया’ क्यों कहा जाता है, जबकि हिंदी फिल्मों के दूसरे राज्यों में सफल होने पर उन्हें आमतौर पर हिंदी फिल्म ही कहा जाता है।
नानी ने कहा कि वह अपनी फिल्मों को ‘पैन इंडिया’ का लेबल नहीं देना चाहते। उनके मुताबिक, इस तरह का टैग अनजाने में हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों के बीच एक अलगाव की भावना पैदा करता है।
राघव जुयाल निभाएंगे विलेन का किरदार
‘द पैराडाइज’ में नानी के साथ राघव जुयाल, सोनाली कुलकर्णी और कायडू लोहार जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। फिल्म में राघव जुयाल विलेन की भूमिका में दिखाई देंगे।
फिल्म की रिलीज जैसे-जैसे करीब आ रही है, इसका प्रमोशनल कैंपेन भी तेज हो रहा है। नानी समेत फिल्म की स्टारकास्ट मुंबई में होने वाले प्री-रिलीज प्रमोशनल इवेंट में शामिल होने की तैयारी में है।
अब सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलने के बाद फिल्म की रिलीज को लेकर स्थिति साफ हो गई है। ‘द पैराडाइज’ 24 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।




