सक्ती: जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक कलेक्टर जनदर्शन में मंगलवार को जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें कलेक्टर के सामने रखीं। जनदर्शन में अलग-अलग मामलों से संबंधित कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जयश्री जैन ने आमजनों की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समय-सीमा में त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई के निर्देश
जनदर्शन के दौरान प्राप्त आवेदनों को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मौजूद संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि आम लोगों से जुड़े मामलों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ वासु जैन, अपर कलेक्टर वीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के.एस. पैंकरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सड़क से लेकर आवास और पेंशन तक की मांग
जनदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, मुक्तिधाम, स्ट्रीट लाइट, राजस्व रिकॉर्ड, पौधरोपण अनुमति, प्रधानमंत्री आवास और वृद्धावस्था पेंशन सहित अलग-अलग समस्याओं को लेकर आवेदन दिए।
जैजैपुर तहसील के ग्राम जुनवानी निवासी श्रीमती बबीता सोनवानी एवं ग्रामीणों ने ग्राम ओडेकेरा से जुनवानी तक पक्की सड़क और पहुंच मार्ग निर्माण की मांग रखी।
वहीं ग्राम सिंघनसरा निवासी नारायण प्रसाद मरकाम ने मुक्तिधाम में आहाता निर्माण की स्वीकृति, ग्राम पंचायत में स्ट्रीट लाइट लगाने और गांधी चौक के जीर्णोद्धार से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया।
ये भी पढ़े :महानदी पुल पर खौफनाक हादसा: पिकअप की टक्कर से पुल के नीचे गिरा बाइक सवार, एक की मौत
हसौद तहसील के ग्राम हरेठी कलां निवासी बुधराम टंडन ने भू-राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने और पुस्तिका बनाए जाने के संबंध में आवेदन दिया।
इसी तरह जैजैपुर तहसील के ग्राम तुषार निवासी भूपेंद्र कुमार यादव ने पौधरोपण की अनुमति के लिए आवेदन किया। सक्ती तहसील के नंदौर खुर्द मल्दी निवासी कुंज राम ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और चित्रभान सिंह राठौर ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने की मांग रखी।
हर मंगलवार आयोजित होता है जनदर्शन
जिला प्रशासन के अनुसार आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को जिला कार्यालय में साप्ताहिक जनदर्शन आयोजित किया जाता है। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन लेकर पहुंचते हैं।



