भारतीय सिनेमा के प्रतिष्ठित 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन 22 सितंबर 2026 को गुजरात के एकता नगर, केवड़िया में किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने समारोह में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। इस वर्ष पुरस्कार 2024 में रिलीज हुई फिल्मों के प्रदर्शन और योगदान के आधार पर दिए गए।
इस बार का समारोह इसलिए भी खास रहा क्योंकि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह पहली बार राजधानी नई दिल्ली से बाहर आयोजित किया गया। समारोह में फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों, निर्देशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और अन्य पुरस्कार विजेताओं की मौजूदगी रही।
अनंत नाग को मिला दादा साहब फाल्के पुरस्कार
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का सबसे खास क्षण तब आया, जब दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
भारतीय सिनेमा में उनके लंबे और उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2024 का यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया गया।
‘आर्टिकल 370’ को बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड
हिंदी फिल्म ‘आर्टिकल 370’ ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार अपने नाम किया। फिल्म के प्रोड्यूसर जियो स्टूडियोज और B62 स्टूडियोज तथा निर्देशक आदित्य सुहास जांभले को सम्मानित किया गया।
फिल्म के लिए अभिनेत्री यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला।
यामी गौतम बनीं बेस्ट एक्ट्रेस
‘आर्टिकल 370’ में अभिनय के लिए यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के सम्मान से नवाजा गया। उन्हें रजत कमल और 2 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिला।
अवार्ड मिलने के बाद यामी ने इसे अपने करियर का बेहद महत्वपूर्ण सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि वह इस सम्मान को जीवनभर संजोकर रखेंगी।
यामी ने यह भी कहा कि ‘आर्टिकल 370’ उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं थी, बल्कि वह इस कहानी से व्यक्तिगत और भावनात्मक रूप से जुड़ी थीं।
ममूटी और कार्तिक आर्यन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान
मलयालम फिल्म ‘ब्रमायुगम’ में अभिनय के लिए दिग्गज अभिनेता ममूटी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वहीं ‘चंदू चैंपियन’ में अपने अभिनय के लिए कार्तिक आर्यन को भी सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला।
ये भी पढ़े :छुरा पुलिस की कार्रवाई, 3 संदिग्ध हीरा तस्कर गिरफ्तार
रणदीप हुड्डा को निर्देशन में डेब्यू के लिए सम्मान
अभिनेता रणदीप हुड्डा को फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फिल्म ऑफ डायरेक्टर का पुरस्कार मिला। उन्हें स्वर्ण कमल और 3 लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
‘पुष्पा 2’ और ‘स्त्री 2’ को भी सम्मान
तेलुगु फिल्म ‘पुष्पा: द रूल पार्ट 2’ के लिए सुकुमार को सर्वश्रेष्ठ मूल पटकथा का पुरस्कार मिला।
वहीं हिंदी फिल्म ‘स्त्री 2’ के गाने ‘आज की रात’ के लिए कोरियोग्राफर विजय गांगुली को सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का पुरस्कार दिया गया।
‘आर्टिकल 370’ के लिए संगीत निर्देशक शाश्वत सचदेव को सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन (गाने) की श्रेणी में सम्मानित किया गया।
प्लेबैक सिंगिंग में भी कई कलाकार सम्मानित
मलयालम फिल्म ‘एआरएम’ के गीत ‘अंगु वाना कोनिलू’ के लिए वैकोम विजयालक्ष्मी को सर्वश्रेष्ठ महिला प्लेबैक सिंगर का पुरस्कार मिला।
मराठी फिल्म ‘घरात गणपति’ के गीत के लिए अभय जोधपुरकर को सर्वश्रेष्ठ पुरुष प्लेबैक सिंगर का सम्मान दिया गया।
‘श्रीकांत’ बनी बेस्ट हिंदी फिल्म
राजकुमार राव स्टारर ‘श्रीकांत’ को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार मिला। फिल्म का निर्देशन तुषार हीरानंदानी ने किया है।
इसके अलावा अलग-अलग भाषाओं की फिल्मों को भी राष्ट्रीय पुरस्कारों में सम्मान मिला। ‘चलचित्र Ekhon’ को सर्वश्रेष्ठ बंगाली, ‘जुईफूल’ को सर्वश्रेष्ठ असमी, ‘मारन’ को सर्वश्रेष्ठ गुजराती, ‘मोग आसुम’ को सर्वश्रेष्ठ कोंकणी, ‘मुक्कम पोस्ट बोम्बिलवाड़ी’ को सर्वश्रेष्ठ मराठी और ‘लहरी’ को सर्वश्रेष्ठ ओडिया फिल्म का पुरस्कार मिला।
प्रमुख विजेताओं की झलक
श्रेणी विजेता
दादा साहब फाल्के पुरस्कार अनंत नाग
सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म आर्टिकल 370
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता ममूटी, कार्तिक आर्यन
सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री यामी गौतम
सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक रणदीप हुड्डा
सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म श्रीकांत
सर्वश्रेष्ठ मूल पटकथा सुकुमार – पुष्पा: द रूल पार्ट 2
सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी विजय गांगुली – स्त्री 2
सर्वश्रेष्ठ महिला प्लेबैक सिंगर वैकोम विजयालक्ष्मी
सर्वश्रेष्ठ पुरुष प्लेबैक सिंगर अभय जोधपुरकर




