दुर्ग : भिलाई के सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल के पास श्रद्धालुओं से पार्किंग शुल्क वसूले जाने की शिकायत पर नगर निगम ने कार्रवाई की है। निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया और शुल्क वसूली में इस्तेमाल की जा रही 5 कट्टा रसीद जब्त कर ली।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के आदेश और जोन आयुक्त येशा लहरे के निर्देश पर की गई। टीम ने शाम के समय मौके पर पहुंचकर दोनों संबंधित गणेश पंडालों की पार्किंग व्यवस्था का जायजा लिया।
एक पंडाल में नहीं मिली शुल्क वसूली
निरीक्षण के दौरान शिवमानस गणेशोत्सव समिति के पंडाल में पार्किंग शुल्क वसूले जाने की बात सामने नहीं आई। निगम अधिकारियों के मुताबिक वहां किसी भी तरह का पार्किंग शुल्क लेते हुए नहीं पाया गया।
वहीं, सेक्टर-10 स्थित सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति के पंडाल के पास ‘स्वास्तिक सायकल स्टैंड’ के नाम से दोपहिया और चारपहिया वाहनों से पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था।
मौके पर वाहनों से 10, 20 और 30 रुपये की राशि वसूले जाने की जानकारी मिली। इसके बाद निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए शुल्क वसूली में इस्तेमाल की जा रही 5 कट्टा रसीद जब्त कर ली।
तत्काल पार्किंग शुल्क बंद करने की हिदायत
निगम अधिकारियों ने समिति के अध्यक्ष और पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पार्किंग शुल्क की वसूली बंद करने की स्पष्ट हिदायत दी। अधिकारियों ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को लेकर निगम की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है।
दोबारा वसूली हुई तो कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा इस तरह की वसूली करते हुए कोई पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने सभी गणेशोत्सव समितियों से अपील की है कि वे आयोजन से जुड़े निर्धारित नियमों का पालन करें और श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अनधिकृत राशि की वसूली न करें।
कार्रवाई के दौरान जोन-5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम सहित पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौजूद रही। निगम अधिकारियों ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान नियमों के उल्लंघन पर निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




