



रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली की रात बड़ा हादसा हो गया। डुमरतराई स्थित अनाज मंडी में देर रात भीषण आग लगने से तीन दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी भयावह थी कि दुकानों से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर की देर रात माना थाना क्षेत्र के अंतर्गत डुमरतराई अनाज मंडी की स्टेशनरी और कन्फेक्शनरी सामान की दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
तीन दुकानों में लगी भीषण आग, सामान जलकर खाक होने की आशंका
इस अग्निकांड में दीपक ट्रेडर्स, व्यंकटेश इंटरप्राइजेज और जयराम स्टेश्वरी नाम की दुकानें प्रभावित हुई हैं। ये दुकानें मंडी के B-164, B-165 और B-166 नंबर पर स्थित हैं। दुकानों में बड़ी मात्रा में सामान रखा हुआ था, जिसके चलते आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, आग के दौरान दुकानों के भीतर से कई धमाकों जैसी आवाजें भी सुनाई दीं। इससे मंडी परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल और SDRF की करीब 10 गाड़ियां मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग के साथ SDRF और निजी प्लांटों की दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया। आग बुझाने के लिए करीब 10 गाड़ियां तैनात की गई हैं। सभी टीमें आग पर काबू पाने के लिए लगातार मशक्कत कर रही हैं।
करोड़ों के नुकसान की आशंका, आग लगने का कारण अज्ञात
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और दुकानों में हुए नुकसान की जांच के बाद ही हो सकेगा।
माना पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अब जांच के बाद ही आग लगने की वजह और नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।




