



रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में इस बार दीपावली का जश्न देशभक्ति और आदिवासी लोकसंस्कृति के अनूठे संगम के रूप में देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बस्तर दौरे के दौरान करणपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान बस्तर के लोकप्रिय लोकगीत की धुन पर ऐसा रंग जमा कि प्रधानमंत्री मोदी भी खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए।
‘येदे बस्तर मोचो काय सुंदर माटी’ पर झूमे पीएम मोदी
दीपावली समारोह के दौरान जैसे ही बस्तर का लोकप्रिय लोकगीत ‘येदे बस्तर मोचो काय सुंदर माटी’ बजना शुरू हुआ, वहां मौजूद महिला जवान पारंपरिक लोकनृत्य करने लगीं। देखते ही देखते उत्सव का माहौल और भी खुशनुमा हो गया।
महिला जवानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी अपने बीच शामिल किया और उनके चारों ओर घूमकर पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान पीएम मोदी मुस्कुराते हुए तालियां बजाते और जवानों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। बस्तर की संस्कृति और जवानों के जोश से भरे इस पल ने दीपावली समारोह को यादगार बना दिया।
इस लोकगीत में बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, मिट्टी और स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिलती है। यही वजह रही कि इस गीत की धुन पर जवानों का उत्साह देखते ही बना।
करणपुर कैंप में जवानों से मिले पीएम मोदी, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को करणपुर स्थित सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के कैंप पहुंचे थे। यहां उन्होंने सीआरपीएफ, कोबरा, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के जवानों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने जवानों के साहस, समर्पण और देश की सुरक्षा के लिए उनके योगदान की सराहना की।
इस दौरान पीएम मोदी ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। कैंप में भारत माता की जय और जय हिंद के नारों के बीच जवानों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रधानमंत्री ने करीब ढाई घंटे करणपुर कैंप में बिताए। इसके बाद वे जगदलपुर के मां दंतेश्वरी विमानतल पहुंचे और वहां से विमान के जरिए रायपुर के लिए रवाना हो गए।
नक्सलवाद के खात्मे के बाद जवानों को दी बधाई
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद जवानों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। सीआरपीएफ कोबरा के एक जवान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर वे बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में किए गए प्रयासों को लेकर प्रधानमंत्री ने सभी जवानों को बधाई दी।
‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर पीएम मोदी ने किया सतर्क
जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जंगलों से सशस्त्र नक्सलवाद का सफाया हो चुका है, लेकिन खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।
पीएम मोदी ने राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों में मौजूद बताए जा रहे ‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर सतर्क रहने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्व संगठनों में घुसपैठ कर लोगों को संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ भड़काने का प्रयास कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने ऐसे तत्वों की पहचान करने और उनके विचारों का मुकाबला करने पर जोर दिया। इस तरह बस्तर में दीपावली का यह आयोजन जवानों के साथ खुशियां बांटने के साथ-साथ देश की सुरक्षा, शहीदों के सम्मान और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई का संदेश भी दे गया।
देखें वीडियो: बस्तर के लोकगीत पर जवानों के साथ झूमते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का खास अंदाज।




