फेसबुक पर दोस्ती… फिर शादी का वादा और होटल में 3 दिन साथ! आखिर ऐसा क्या हुआ कि युवक ने शादी से कर दिया इनकार?

Spread the love

राजनांदगांव :  फेसबुक पर शुरू हुई बातचीत के बाद शादी का वादा, डोंगरगढ़ में मुलाकात और होटलों में साथ रहने के बाद शादी से कथित तौर पर इनकार करने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर डोंगरगढ़ पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान रोशन सोमुनिया (32 वर्ष), पिता महेश सोमुनिया, निवासी गोकुल नगर, वार्ड शिवमंदिर के पास, बल्लारपुर, जिला चंद्रपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

फेसबुक से शुरू हुई थी बातचीत

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, वर्ष 2025 में आरोपी ने युवती को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। रिक्वेस्ट स्वीकार होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे उनका संपर्क बढ़ता गया।

बताया गया कि बातचीत के दौरान आरोपी ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। युवती के सहमत होने के बाद दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में रहे।

डोंगरगढ़ बुलाया, दो होटलों में रुके

पुलिस के अनुसार आरोपी ने युवती को मिलने के लिए डोंगरगढ़ बुलाया। 30 नवंबर 2025 को दोनों की मुलाकात हुई और रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल अशोका लॉज में रुके।

शिकायत के मुताबिक, शादी का भरोसा दिए जाने के बाद दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। दोनों 30 नवंबर और 1 दिसंबर को अशोका लॉज में रहे। इसके बाद 1 दिसंबर की शाम वे होटल सागर पैलेस चले गए और करीब तीन दिनों तक साथ रहे।

ये भी पढ़े :तखतपुर में खेत में करंट से किसान की मौत, खेत मालिक गिरफ्तार; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

परिवार से शादी की बात करने का दिया भरोसा

पुलिस के अनुसार डोंगरगढ़ से वापस जाने के बाद भी आरोपी और युवती के बीच बातचीत जारी रही। आरोपी ने युवती के परिवार के सदस्यों से भी बात की और अपने परिवार को लेकर आकर शादी करने का भरोसा दिया।

लेकिन 20 अप्रैल 2026 को कथित तौर पर आरोपी ने फोन कर शादी करने से इनकार कर दिया। शिकायत के अनुसार, उसने युवती से अपने परिवार की पसंद से शादी करने के लिए कहा।

शिकायत के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

इसके बाद युवती ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 365/2026, धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *