बलौदाबाजार : जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालात को देखते हुए बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस, प्रशासन और SDRF की संयुक्त टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
शनिवार को सिमगा, गिधपुरी और लवन थाना क्षेत्रों में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में कुल 28 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं सिमगा थाना क्षेत्र के गणेशपुर में बाढ़ के पानी में फंसी 9 बकरियों का भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
गणेशपुर में 11 ग्रामीण और 9 बकरियां बाढ़ में फंसीं
सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर में अचानक बाढ़ का पानी भर जाने से 11 ग्रामीण फंस गए थे। सूचना मिलते ही सिमगा पुलिस, प्रशासन और SDRF की संयुक्त टीम मोटर बोट और जीवन रक्षक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
बचाव दल ने अभियान चलाकर सभी 11 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनके जरूरी सामान के साथ घर में मौजूद 9 बकरियों को भी रेस्क्यू किया गया। इसके बाद सभी को सुरक्षित राहत शिविर पहुंचाया गया।
ये भी पढ़े :रायपुर में बाढ़ का संकट, NDRF-SDRF ने संभाला मोर्चा; 239 लोगों का रेस्क्यू
बिजराडीह में चार परिवारों के 17 लोग फंसे
गिधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम बिजराडीह में लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया। यहां चार अलग-अलग परिवारों के 17 लोग, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे, बाढ़ के पानी में फंस गए।
सूचना मिलते ही गिधपुरी पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी 17 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
डोंगरीडीह में भी पुलिस ने संभाला मोर्चा
लवन थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरीडीह में भी जलस्तर बढ़ने के बाद कई ग्रामीण बाढ़ के पानी के बीच फंस गए थे। सूचना मिलने पर लवन पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस, राजस्व प्रशासन और SDRF की टीमें जिले के बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं।
प्रशासन का फोकस प्रभावित लोगों की जान-माल की सुरक्षा और जरूरत पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने पर है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश और जलभराव के दौरान उफनती नदियों, नालों, रपटों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं। किसी भी आपात स्थिति या बाढ़ की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या 112 पर देने की अपील की गई है।




