रायपुर : राजधानी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। NDRF और SDRF की टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंचकर फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रही हैं। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और एसडीएम नंद कुमार चौबे के मार्गदर्शन में भाठागांव और चन्दनीडीह से अब तक 239 नागरिकों का रेस्क्यू किया जा चुका है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए भाठागांव, चन्दनीडीह, दतरेंगा और काठाडीह में प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू के साथ राहत सामग्री, भोजन और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भाठागांव में 54 लोगों को सुरक्षित निकाला
ग्राम भाठागांव में नायब तहसीलदार प्रवीण परमार और नगर निगम जोन क्रमांक-6 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव की मौजूदगी में बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
यहां अब तक 54 नागरिकों को सुरक्षित निकालकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन में बनाए गए राहत शिविर में ठहराया गया है। शिविर में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए नाश्ता, भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है।
वहीं केशरी बगीचा, बीजीआर पेट्रोल पंप और हरिओम नगर क्षेत्र में भी रेस्क्यू अभियान जारी है।
ये भी पढ़े :दुर्ग में 5 साल की बच्ची से लैंगिक अपराध, POCSO कोर्ट ने आरोपी को सुनाई उम्रकैद
चन्दनीडीह में सबसे बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
ग्राम चन्दनीडीह में नायब तहसीलदार सौरभ कश्यप और नगर निगम जोन क्रमांक-8 के कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा की मौजूदगी में NDRF की टीम राहत-बचाव अभियान चला रही है।
प्रशासन के मुताबिक यहां अब तक 185 नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। बचाव दल प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखते हुए जरूरत के मुताबिक लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रहा है।
काठाडीह में भी रेस्क्यू अभियान जारी
ग्राम काठाडीह में एसडीएम नंद कुमार चौबे, NDRF कमांडिंग ऑफिसर मेजर पवन जोशी और तहसीलदार रायपुर राममूर्ति दीवान की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रही है।
प्रशासन की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। जहां भी लोगों के फंसे होने या तत्काल सहायता की जरूरत की सूचना मिल रही है, वहां बचाव दलों को भेजकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
इन इलाकों पर प्रशासन की नजर
भाठागांव: 54 लोगों का रेस्क्यू
चन्दनीडीह: 185 लोगों का रेस्क्यू
दतरेंगा: प्रशासन की निगरानी जारी
काठाडीह: राहत एवं बचाव अभियान जारी
कुल 239 लोगों को अब तक सुरक्षित निकाला जा चुका है। प्रशासन और बचाव दलों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय हैं।




